Top News

इंदौर मेडिकल कॉलेज में छात्रा की शिकायत के बाद सख्ती, सप्ताह में 48 घंटे से ज्यादा ड्यूटी नहीं



इंदौर। एमजीएम मेडिकल कॉलेज से जुड़े एमटीएच अस्पताल के स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग में पीजी छात्रा डॉ. सिम्मी यादव की प्रताड़ना और अत्यधिक ड्यूटी से जुड़ी शिकायत के बाद कॉलेज प्रशासन ने काम के घंटों को लेकर सख्ती के निर्देश दिए हैं। डीन की ओर से सप्ताह में 48 घंटे से अधिक काम नहीं कराने के निर्देश दिए गए हैं। मामले में सीनियर छात्रों और विभागीय स्तर पर लगाए गए आरोपों की जांच भी जारी है।


डॉ. सिम्मी यादव ने अपने सीनियर स्टूडेंट्स डॉ. यशस्वी, डॉ. श्वेता, डॉ. निकिता समेत अन्य पर मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया है। तत्कालीन एचओडी डॉ. नीलेश दलाल की भूमिका को लेकर भी शिकायत में सवाल उठाए गए हैं। रिपोर्टों के मुताबिक छात्रा पर अत्यधिक काम कराने, गैर-चिकित्सकीय कार्य देने और शिकायत के बाद प्रताड़ित किए जाने जैसे आरोप हैं। हालांकि इन आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही होगी।


मामला राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (NMC) तक पहुंचने के बाद आयोग ने MGM मेडिकल कॉलेज से 24 घंटे के भीतर Action Taken Report मांगी। आयोग ने ड्यूटी, उपस्थिति, शिकायतों और एंटी-रैगिंग व्यवस्था से जुड़े दस्तावेज भी मांगे हैं। साथ ही शिकायतकर्ता को जांच के दौरान किसी तरह की प्रताड़ना, धमकी या प्रतिशोध से बचाने के निर्देश दिए गए हैं।


अब जांच में यह स्पष्ट होना है कि छात्रा से वास्तविक रूप से कितने घंटे काम कराया गया, किसने ड्यूटी तय की और शिकायतों पर संस्थान ने समय रहते क्या कार्रवाई की।

Post a Comment

Previous Post Next Post