Top News

2027 से यूनिवर्सिटी के तौर पर काम करेगा NCERT, BA-BEd से PhD तक शुरू होंगे कोर्स

नई दिल्ली। स्कूली शिक्षा के लिए पाठ्यक्रम और किताबें तैयार करने वाला राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (NCERT) अब उच्च शिक्षा के क्षेत्र में भी अपनी भूमिका बढ़ाने जा रहा है। शिक्षा मंत्रालय के अनुसार NCERT को डीम्ड-टू-बी यूनिवर्सिटी का दर्जा मिल चुका है और अब संस्थान 2027-28 शैक्षणिक सत्र से अपने अकादमिक कार्यक्रम शुरू करने की तैयारी कर रहा है। 



रिपोर्ट के मुताबिक NCERT में BA-BEd, BSc-BEd और BCom-BEd जैसे चार वर्षीय शिक्षक शिक्षा से जुड़े स्नातक पाठ्यक्रम शुरू किए जा सकते हैं। इसके अलावा स्नातकोत्तर और PhD कार्यक्रम भी शुरू करने की तैयारी है। इन पाठ्यक्रमों में स्कूली शिक्षा की जरूरतों के अनुरूप शिक्षक प्रशिक्षण, नई शिक्षण पद्धतियां, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और तकनीक के इस्तेमाल जैसे विषयों पर जोर दिया जाएगा। 


NCERT के छह क्षेत्रीय केंद्रों को भी कॉलेज के रूप में विकसित करने की योजना बताई गई है। इनमें अजमेर, भोपाल, भुवनेश्वर, मैसूर और शिलांग के क्षेत्रीय केंद्र तथा भोपाल स्थित पंडित सुंदरलाल शर्मा व्यावसायिक शिक्षा संस्थान शामिल हैं। 


मंत्रालय के अनुसार डीम्ड यूनिवर्सिटी का दर्जा मिलने से NCERT को शैक्षणिक अनुसंधान, नवाचार और उच्च शिक्षा से जुड़े कार्यक्रम संचालित करने का अवसर मिलेगा। हालांकि, नए पाठ्यक्रमों में प्रवेश और विस्तृत कार्यक्रम की आधिकारिक घोषणा का इंतजार रहेगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post