Top News

मेन गेट पर गणेश जी की तस्वीर शुभ, लेकिन इन देवी-देवताओं की तस्वीर लगाने से क्यों बचते हैं?


इंदौर। घर का मुख्य द्वार सिर्फ आने-जाने का रास्ता नहीं माना जाता, बल्कि वास्तु और धार्मिक मान्यताओं में इसे घर की ऊर्जा और सकारात्मकता से भी जोड़ा जाता है। इसी वजह से कई लोग मेन गेट पर देवी-देवताओं की तस्वीर या प्रतिमा लगाते हैं। इनमें भगवान गणेश की तस्वीर को विशेष रूप से शुभ माना जाता है। हालांकि, धार्मिक मान्यताओं के अनुसार हर देवी-देवता की तस्वीर मुख्य द्वार पर लगाना उचित नहीं माना जाता।



मान्यता है कि भगवान गणेश की ऐसी तस्वीर, जिसमें उनका मुख शांत हो और वे आशीर्वाद की मुद्रा में हों, मुख्य द्वार के लिए शुभ मानी जाती है। कुछ लोग घर के प्रवेश द्वार पर गणेश जी की तस्वीर लगाने से विघ्न दूर होने और सुख-समृद्धि आने की कामना करते हैं।


वहीं, कई वास्तु और धार्मिक परंपराओं में उग्र स्वरूप वाले देवी-देवताओं, युद्ध या क्रोध दर्शाने वाले चित्रों को मुख्य द्वार पर लगाने से बचने की सलाह दी जाती है। उदाहरण के लिए मां काली, भगवाPन नृसिंह या रौद्र रूप वाली तस्वीरों को घर के मुख्य प्रवेश द्वार के बजाय पूजा स्थल के लिए उपयुक्त माना जाता है। इसी तरह ऐसी तस्वीरें लगाने से भी बचने की सलाह दी जाती है जिनमें देवी-देवताओं का स्वरूप उदास या संघर्ष की स्थिति में दिखाई देता हो।


हालांकि, ये बातें मुख्यतः धार्मिक और वास्तु मान्यताओं पर आधारित हैं, इनके वैज्ञानिक प्रमाण नहीं हैं। तस्वीर लगाते समय उसकी स्थिति, साफ-सफाई और घर की व्यक्तिगत धार्मिक परंपराओं को भी ध्यान में रखना चाहिए।

Post a Comment

Previous Post Next Post