कानपुर। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले गठबंधन की सियासत तेज होती दिख रही है। AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने विपक्षी दलों के सामने खुला गठबंधन प्रस्ताव रखते हुए कहा है कि भाजपा को रोकने के लिए विपक्षी पार्टियों को साथ आना चाहिए। ओवैसी ने यह भी स्पष्ट किया कि वह 2 अक्टूबर तक गठबंधन को लेकर इंतजार करेंगे, इसके बाद अपनी राजनीतिक रणनीति के मुताबिक किसी अन्य दल के साथ समझौता कर सकते हैं।
कानपुर में रविवार को जनसभा को संबोधित करते हुए ओवैसी ने कहा कि AIMIM उत्तर प्रदेश में भाजपा की तीसरी बार सरकार बनने के खिलाफ विपक्षी दलों के साथ काम करने को तैयार है। उन्होंने दावा किया कि कोई एक विपक्षी दल अकेले भाजपा का मुकाबला नहीं कर सकता और समान विचारधारा वाले दलों को मिलकर चुनाव लड़ना चाहिए।
ओवैसी ने खास तौर पर समाजवादी पार्टी की ओर संकेत करते हुए कहा कि वह 2 अक्टूबर तक इंतजार करेंगे। इसके बाद जिस दल के साथ गठबंधन उचित होगा, उसके साथ चुनाव लड़ने का फैसला करेंगे। उन्होंने सपा सरकार के कार्यकाल और भाजपा सरकार की नीतियों पर भी सवाल उठाए।
AIMIM प्रमुख इससे पहले भी यूपी में सपा और बसपा सहित विपक्षी दलों के साथ गठबंधन की इच्छा जाहिर कर चुके हैं। जुलाई में उन्होंने अखिलेश यादव और मायावती को गठबंधन का प्रस्ताव दिए जाने की बात कही थी। हालांकि, फिलहाल किसी बड़े विपक्षी दल के साथ AIMIM का अंतिम गठबंधन घोषित नहीं हुआ है।

Post a Comment