Top News

अपना नेता तलाश रही नई पीढ़ी…” थरूर ने राहुल के ‘छात्रों की गूंज’ का वीडियो शेयर किया, BJP के निशाने पर कांग्रेस

 “


इंदौर। राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर शुरू हुए राजनीतिक विवाद के बीच कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने राहुल गांधी के कार्यक्रम का वीडियो साझा करते हुए नई पीढ़ी की राजनीतिक भागीदारी पर टिप्पणी की। थरूर ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि यह ऐसा उत्साह है जो देशों को आगे बढ़ाता है और “एक ऐसी पीढ़ी जो अपनी आवाज और अपना नेता तलाश रही है।” 



थरूर की यह टिप्पणी ऐसे समय आई है, जब इंदौर के कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मिमिक्री को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच तीखी बयानबाजी चल रही है। कार्यक्रम में स्टैंड-अप कॉमेडियन पुलकित मणि ने पीएम मोदी की सार्वजनिक शैली की मिमिक्री की थी। इसके बाद भाजपा नेताओं ने राहुल गांधी और कांग्रेस पर निशाना साधा। 


भाजपा नेताओं ने मंच पर हुए इस प्रदर्शन को लेकर कांग्रेस की आलोचना की, जबकि कांग्रेस की ओर से कार्यक्रम को छात्रों और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर संवाद का मंच बताया गया। 


दिलचस्प बात यह है कि थरूर इससे पहले भी युवा राजनीति को लेकर यह कह चुके हैं कि राजनीतिक दलों को नई पीढ़ी के लिए पार्टी के भीतर आगे आने और राजनीति को प्रभावित करने के रास्ते खोलने चाहिए। अगस्त में उन्होंने अपने पुराने बयान की सफाई देते हुए कहा था कि उनका जोर नई पीढ़ी को राजनीति में जगह देने पर था। 


‘छात्रों की गूंज’ अभियान को कांग्रेस ने छात्रों और Gen Z तक पहुंच बढ़ाने के लिए विस्तार देने की योजना बनाई है। पार्टी ने पहले चरण में 28 कार्यक्रम और आगे 800 शहरों तक अभियान ले जाने की बात कही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post