Top News

उत्तराखंड में स्वाइन फ्लू की रफ्तार तेज, सितंबर में 17 दिन में 452 मरीज; हर घंटे एक से ज्यादा संक्रमण

देहरादून । बौद्धिक प्रतिकार



उत्तराखंड में स्वाइन फ्लू यानी एच1एन1 संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है। सितंबर के शुरुआती 17 दिनों में ही 452 मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। आंकड़ों के हिसाब से इस अवधि में रोजाना औसतन करीब 32 मामले सामने आए, यानी संक्रमण की रफ्तार हर घंटे एक मरीज से अधिक रही। 17 सितंबर को भी 24 नए मरीज मिले।


सबसे ज्यादा चिंता सितंबर में अचानक बढ़े मामलों को लेकर है। पूरे अगस्त में 105 मरीज सामने आए थे, जबकि सितंबर के केवल 17 दिनों में यह संख्या चार गुना से ज्यादा हो गई। अगस्त से अब तक प्रदेश में कुल 557 संक्रमित मिल चुके हैं। इनमें पांच मरीजों की मौत हुई है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार पांच में से दो मौतों में स्वाइन फ्लू को अकेले कारण के तौर पर दर्ज किया गया है।


स्वास्थ्य विभाग ने संक्रमण की निगरानी बढ़ाते हुए रैपिड रिस्पॉन्स टीमों को सक्रिय किया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कुमार शर्मा के मुताबिक संक्रमित मरीजों में बड़ी संख्या ऐसे लोगों की है, जिन्हें पहले से कोई अन्य बीमारी यानी को-मॉर्बिडिटी थी। ऐसे मरीजों की जांच और चिकित्सकीय निगरानी पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।


स्थिति इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि प्रदेश में डेंगू और कोविड के मामले भी सामने आ रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग ने स्क्रीनिंग बढ़ाने और अस्पतालों की तैयारियां मजबूत रखने के निर्देश दिए हैं। बदलते आंकड़े बता रहे हैं कि फिलहाल संक्रमण की निगरानी में ढिलाई की गुंजाइश नहीं है।

Post a Comment

Previous Post Next Post