केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के नागपुर स्थित आवास का घेराव करने निकले युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं को सोमवार को पुलिस ने बीच रास्ते में रोककर हिरासत में ले लिया। प्रदर्शनकारी E20 (20 प्रतिशत इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल) नीति का विरोध कर रहे थे।
प्रदर्शन चिटनवीस पार्क चौक से गडकरी के आवास की ओर निकाला गया था। पुलिस ने रास्ते में बैरिकेडिंग कर दी और बड़ी संख्या में सुरक्षाबलों की तैनाती की। बैरिकेड पार करने की कोशिश करने वाले कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया।
कांग्रेस का आरोप है कि E20 ईंधन से कई वाहनों में माइलेज कम होने, इंजन की कार्यक्षमता प्रभावित होने और विशेषकर पुराने वाहनों में दीर्घकालिक तकनीकी समस्याएं सामने आ रही हैं। पार्टी ने केंद्र सरकार से इस नीति की समीक्षा और उपभोक्ताओं को विकल्प देने की मांग की है।
वहीं केंद्र सरकार और नितिन गडकरी लगातार यह कहते रहे हैं कि इथेनॉल मिश्रित ईंधन से कच्चे तेल पर निर्भरता घटेगी, किसानों को लाभ मिलेगा और प्रदूषण कम होगा। सरकार का यह भी कहना है कि E20 को वैज्ञानिक परीक्षणों के बाद लागू किया गया है।

Post a Comment