श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का त्योहार आते ही घरों में कान्हा जी के भोग की तैयारियां शुरू हो जाती हैं। माखन-मिश्री, धनिया पंजीरी और तरह-तरह की मिठाइयों के साथ इस बार आप कुछ अलग भी बना सकते हैं। मेवा चीज केक स्वादिष्ट होने के साथ देखने में भी आकर्षक लगता है। इसे घर पर आसानी से तैयार करके भगवान श्रीकृष्ण को भोग लगाया जा सकता है।
सामग्री
बिस्कुट की परत के लिए करीब 15-20 बिस्कुट, 3-4 बड़े चम्मच पिघला हुआ मक्खन और थोड़े कटे हुए मेवे लें। चीज केक की मुख्य परत के लिए क्रीम चीज, गाढ़ी मलाई या व्हिपिंग क्रीम, पिसी चीनी और इलायची पाउडर की जरूरत होगी। सजावट के लिए बादाम, काजू, पिस्ता और थोड़ी केसर इस्तेमाल कर सकते हैं।
बनाने का तरीका
सबसे पहले बिस्कुट को बारीक पीसकर उसमें पिघला मक्खन मिलाएं। इस मिश्रण को केक के सांचे में अच्छी तरह दबाकर आधार तैयार करें और कुछ देर के लिए ठंडा होने रखें।
अब क्रीम चीज को अच्छी तरह फेंटें। इसमें पिसी चीनी, इलायची और थोड़ी क्रीम मिलाकर चिकना मिश्रण तैयार करें। इसे बिस्कुट की परत के ऊपर डालकर समान रूप से फैला दें। ऊपर से कटे हुए काजू, बादाम, पिस्ता और केसर डालें।
केक को कुछ घंटों के लिए फ्रिज में रखें, ताकि वह अच्छी तरह जम जाए। भोग लगाने से पहले इसे सांचे से निकालें और चाहें तो कृष्ण जी की पसंदीदा चीजों से सजाकर प्रसाद के रूप में परोसें।

Post a Comment