सीजेपी 15 अगस्त से सामाजिक ऑडिट अभियान शुरू करेगी, स्कूलों की बदहाल व्यवस्था पर सरकार से जवाब मांगेगी
नई दिल्ली। शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर सीजेपी संस्थापक अभिजीत दिपके ने देशव्यापी अभियान की घोषणा की है। संगठन के अनुसार अभियान की शुरुआत महाराष्ट्र के हिंगोली गांव से होगी। इसके तहत स्थानीय सरपंच से मुलाकात कर गांव के सरकारी स्कूलों को पूरी तरह चालू और बेहतर स्थिति में लाने की मांग की जाएगी।
सीजेपी का कहना है कि केवल बड़े शहरों के शिक्षण संस्थानों पर चर्चा करने से ग्रामीण शिक्षा की वास्तविक तस्वीर सामने नहीं आएगी। इसलिए अभियान में स्कूलों की इमारत, कक्षाओं, शिक्षकों की उपलब्धता, विद्यार्थियों की संख्या, शौचालय, पानी और अन्य बुनियादी सुविधाओं की स्थिति का जायजा लेने पर जोर रहेगा।
अभियान को सामाजिक ऑडिट से जोड़ने की बात कही गई है। इसका उद्देश्य स्थानीय स्तर पर यह पता लगाना है कि सरकारी स्कूलों के लिए उपलब्ध संसाधनों और जमीन पर दिखाई देने वाली व्यवस्था में कितना अंतर है।
अभिजीत दिपके पहले भी परीक्षा व्यवस्था और शिक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर आंदोलन कर चुके हैं। जून में सीजेपी ने परीक्षा संबंधी कथित अनियमितताओं को लेकर देशव्यापी आंदोलन की चेतावनी दी थी।
अब देखना होगा कि गांव के एक स्कूल से शुरू होने वाला यह अभियान देश के सरकारी स्कूलों की वास्तविक स्थिति सामने लाने और प्रशासन पर कितना दबाव बनाने में सफल होता है।

Post a Comment