Top News

ट्रैकिंग से गायब हुआ जहाज, फिर समंदर में समाया

 


ओडिशा तट से 240 समुद्री मील दूर हादसा, 24 सदस्य थे सवार; दो बचाए गए, 22 की तलाश जारी


बंगाल की खाड़ी में पनामा के झंडे वाला मालवाहक जहाज एमवी ओशन विनर अचानक समुद्री निगरानी तंत्र से गायब हुआ और कुछ ही समय बाद उसके डूबने की खबर सामने आई। जहाज पर 24 सदस्य सवार थे। इनमें 20 चीनी, तीन म्यांमार और एक बांग्लादेशी नागरिक शामिल थे। हादसे के बाद भारतीय तटरक्षक बल और नौसेना ने बड़े पैमाने पर खोज एवं बचाव अभियान शुरू किया है। अब तक दो लोगों को जीवनरक्षक नौकाओं से बचाया गया है।



जहाज ने 20 अगस्त की रात करीब 10:30 बजे पारादीप बंदरगाह से सिंगापुर के लिए रवाना हुआ था। यह करीब 225 मीटर लंबा बल्क कैरियर था और इसमें ओडिशा से लदा लौह अयस्क था। जहाज को 27 अगस्त तक सिंगापुर पहुंचना था। लेकिन रास्ते में उससे संपर्क टूट गया। बाद में पता चला कि जहाज ओडिशा तट से करीब 240 समुद्री मील दूर डूब चुका है।


सबसे बड़ा सवाल यह है कि जहाज अचानक निगरानी तंत्र से गायब कैसे हुआ और संपर्क टूटने के बाद इतनी जल्दी डूबने की नौबत क्यों आई? अभी तक अधिकारियों ने हादसे का निश्चित कारण नहीं बताया है। खराब मौसम, तकनीकी खराबी, जहाज की स्थिति और माल से जुड़े किसी संभावित कारण समेत कई पहलुओं की जांच की जरूरत होगी।


भारतीय तटरक्षक बल ने खोज अभियान के लिए कई पोत लगाए हैं। समुद्र की खराब परिस्थितियां बचाव कार्य को चुनौती दे रही हैं। फिलहाल सबसे बड़ी चिंता उन 22 लोगों की है, जिनका अभी तक पता नहीं चल पाया है। हादसे की पूरी तस्वीर बचाव अभियान और जांच आगे बढ़ने के बाद ही साफ होगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post