नई दिल्ली। भारतीय थल सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ 17 से 19 अगस्त तक नेपाल के आधिकारिक दौरे पर हैं। सेना प्रमुख बनने के बाद यह उनका पहला विदेश दौरा है। यात्रा का उद्देश्य भारत और नेपाल के बीच लंबे समय से चले आ रहे रक्षा सहयोग और सैन्य संबंधों को और मजबूत करना है।
काठमांडू पहुंचने के बाद जनरल सेठ नेपाल सेना के शीर्ष अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठकों में हिस्सा लेंगे। वे नेपाल के सेना प्रमुख जनरल अशोक राज सिग्देल से द्विपक्षीय बातचीत करेंगे और सैन्य अभियानों से जुड़े मुद्दों पर नेपाल के सैन्य संचालन महानिदेशक से जानकारी भी लेंगे। दोनों पक्ष आपसी हित और रक्षा सहयोग से जुड़े विषयों पर चर्चा करेंगे।
दौरे का सबसे अहम पड़ाव आज होने वाला विशेष समारोह है। नेपाल के राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल भारतीय सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ को नेपाली सेना के मानद जनरल की उपाधि प्रदान करेंगे। भारत और नेपाल के सेना प्रमुखों को एक-दूसरे की सेना में मानद जनरल का पद देने की यह पुरानी और अनोखी परंपरा है, जो दोनों देशों के सैन्य रिश्तों की विशेष प्रकृति को दर्शाती है।
18 अगस्त को जनरल सेठ शिवपुरी स्थित आर्मी कमांड एंड स्टाफ कॉलेज के अधिकारी प्रशिक्षुओं को संबोधित करेंगे और नेपाली सेना के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात करेंगे। 19 अगस्त को पोखरा में पूर्व सैनिक रैली में शामिल होकर वीर नारियों और वीरता पुरस्कार प्राप्त सैनिकों का सम्मान भी करेंगे।
भारत और नेपाल के बीच सैन्य सहयोग केवल उच्चस्तरीय यात्राओं तक सीमित नहीं है। प्रशिक्षण, संयुक्त सैन्य अभ्यास और आपदा राहत जैसे क्षेत्रों में भी दोनों सेनाएं सहयोग करती हैं। ऐसे में जनरल सेठ का दौरा आपसी विश्वास और रक्षा साझेदारी को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है।

Post a Comment