Top News

ताशकंद में आज मोदी-मिर्जियोयेव की अहम मुलाकात, व्यापार से रक्षा तक कई मुद्दों पर होगी बातचीत

ताशकंद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शवकत मिर्जियोयेव के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। दो दिवसीय राजकीय यात्रा पर ताशकंद पहुंचे मोदी की यह उज्बेकिस्तान की चौथी यात्रा है। दोनों नेताओं के बीच होने वाली बातचीत में भारत और उज्बेकिस्तान की रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने पर जोर रहेगा। 



वार्ता के दौरान व्यापार और निवेश, रक्षा, ऊर्जा, डिजिटल संपर्क, शिक्षा तथा लोगों के बीच संपर्क जैसे प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग की समीक्षा की जाएगी। दोनों देश आगे की साझेदारी के लिए नई प्राथमिकताएं भी तय कर सकते हैं। भारत के विकसित भारत-2047 और उज्बेकिस्तान-2030 के साझा विकास लक्ष्यों को लेकर भी विचार-विमर्श प्रस्तावित है। 


प्रधानमंत्री मोदी शनिवार को ताशकंद पहुंचे थे, जहां राष्ट्रपति मिर्जियोयेव ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। दोनों नेताओं ने यांगी उजबेकिस्तान पार्क में स्मारक पर श्रद्धांजलि भी अर्पित की। 


मोदी की यह यात्रा ऐसे समय हो रही है जब भारत मध्य एशिया में व्यापार, संपर्क और रणनीतिक सहयोग को बढ़ाने पर विशेष जोर दे रहा है। उज्बेकिस्तान के बाद प्रधानमंत्री किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक जाएंगे, जहां 31 अगस्त से 1 सितंबर तक होने वाले शंघाई सहयोग संगठन के शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। 

Post a Comment

Previous Post Next Post