मंदसौर। जिले के दलौदा में रामजानकी मंदिर की विवादित भूमि पर प्रशासन ने सोमवार सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए कथित अतिक्रमण को बुलडोजर की मदद से हटा दिया। प्रशासन ने मौके पर बने टीन शेड सहित अन्य अस्थायी निर्माण को ध्वस्त कर भूमि को कब्जामुक्त करा दिया।
कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल की मौजूदगी में पूरे क्षेत्र की घेराबंदी की गई, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो। प्रशासन की तत्परता के चलते कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से पूरी हुई।
वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में हुई कार्रवाई
अभियान के दौरान एसडीएम शुभम पाटीदार, एसडीओपी कीर्ति बघेल, तहसीलदार ब्रजेश मालवीय, नायब तहसीलदार रवि पटेल, दलौदा थाना प्रभारी रविंद्र सिंह दांगी, भावगढ़ थाना प्रभारी वरसिंह कटारा, अफजलपुर थाना प्रभारी, कचनारा चौकी प्रभारी भीमसिंह राठौर, राजस्व निरीक्षक, पटवारी तथा बड़ी संख्या में पुलिस और राजस्व अमला मौजूद रहा।
समय रहते संभाली स्थिति
कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर मौजूद रहे। प्रशासन ने सतर्कता बरतते हुए पूरे अभियान को शांतिपूर्ण ढंग से पूरा किया और विवाद को बढ़ने से पहले ही नियंत्रित कर लिया।
प्रशासन का संदेश
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सरकारी, धार्मिक अथवा सार्वजनिक भूमि पर किसी भी प्रकार के अवैध कब्जे को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विवादित भूमि को कब्जामुक्त कर आगे की वैधानिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

Post a Comment