भूस्खलन के बाद सुरंग में घुसा पानी और मलबा, 14 घायल; राहत-बचाव अभियान जारी
उत्तराखंड के चमोली जिले के पीपलकोटी क्षेत्र में गुरुवार शाम निर्माणाधीन जलविद्युत परियोजना की सुरंग में अचानक भूस्खलन के बाद पानी और मलबा घुस गया। हादसे में अब तक 7 श्रमिकों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 14 श्रमिक घायल हुए हैं।
घटना विष्णुगाड़-पीपलकोटी जलविद्युत परियोजना की निर्माणाधीन सुरंग में हुई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे के समय सुरंग के भीतर 22 श्रमिक मौजूद थे। अचानक पानी और मलबे का तेज बहाव आने से श्रमिकों को संभलने का मौका नहीं मिला। कई श्रमिक सुरंग के भीतर फंस गए।
घायलों को उपचार के लिए गोपेश्वर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल, राज्य आपदा मोचन बल, पुलिस और अन्य बचाव एजेंसियां मौके पर राहत एवं बचाव अभियान चला रही हैं।
हादसे के बाद निर्माणाधीन सुरंगों में श्रमिकों की सुरक्षा और पहाड़ी क्षेत्रों में बड़े जलविद्युत परियोजनाओं के निर्माण के दौरान भूगर्भीय जोखिमों की निगरानी को लेकर भी गंभीर सवाल उठे हैं। अधिकारियों का कहना है कि प्राथमिकता सुरंग में फंसे श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालना है।
सवाल यह है कि जिस क्षेत्र की भूगर्भीय संवेदनशीलता पहले से चुनौती मानी जाती है, वहां सुरंग निर्माण के दौरान जल रिसाव और भूस्खलन की आशंका से निपटने की व्यवस्थाएं कितनी प्रभावी थीं? हादसे की विस्तृत जांच के बाद ही इसकी तस्वीर साफ होगी।

Post a Comment