Top News

होटल सयाजी के किचन में मिले कॉकरोच-चूहे, 66 किलो नॉनवेज बिना पैकिंग तारीख

 


इंदौर/बौद्धिक प्रतिकार। इंदौर के प्रतिष्ठित होटल सयाजी में खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच में खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता से जुड़ी कई गंभीर खामियां सामने आई हैं। दिल्ली की खाद्य विभाग की टीम के साथ इंदौर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने होटल के किचन, भंडारण कक्ष और खाद्य सामग्री की जांच की। निरीक्षण के दौरान करीब 66 किलो नॉनवेज खाद्य सामग्री बिना पैकिंग तारीख के मिली।



जांच में पाया गया कि होटल में शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य सामग्री को एक ही शीत भंडारण कक्ष में रखा गया था। समुद्री खाद्य, चिकन और मटन भी एक साथ रखे मिले। कई खाद्य पदार्थों के लिए निर्धारित तापमान बनाए रखने में भी लापरवाही सामने आई। उबले आलू पर अवधि समाप्त होने की तारीख की टैगिंग मिली, जबकि कुछ टेट्रापैक रिसते हुए पाए गए।


पैक्ड कुल्फी पर निर्माण तिथि, समाप्ति तिथि और बैच नंबर दर्ज नहीं था। वहीं, जमे हुए मिठाई उत्पाद को होटल के मेन्यू में आइसक्रीम के नाम से दर्शाया गया था। कई खाद्य सामग्री बिना लेबल के मिली।


सबसे गंभीर स्थिति स्वच्छता व्यवस्था की रही। किचन और भंडारण क्षेत्रों में कॉकरोच, चूहों की लीद और चूहे पाए गए। फर्श और दीवारों में दरारें थीं। जंग लगी सामग्री के साथ खाद्य तैयारी वाले मंच पर भी जंग मिली। सड़े टमाटर-आलू और मूंगफली में फंगस मिला।


इसके अलावा कई खाद्य सामग्री दीवार से सटाकर और बिना पैलेट के सीधे जमीन पर रखी गई थीं। पैलेट के नीचे भी गंदगी मिली। ग्रेवी कमरे के तापमान पर रखी थी और गीले-सूखे कचरे के लिए अलग व्यवस्था नहीं मिली।


अब सवाल यह है कि इतने बड़े होटल के किचन में खाद्य सुरक्षा के बुनियादी मानकों की ऐसी अनदेखी लंबे समय तक कैसे होती रही। विभाग की आगे की कार्रवाई और जांच रिपोर्ट पर नजर रहेगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post