कोलकाता। पश्चिम बंगाल में मस्जिदों से लाउडस्पीकर हटाने को लेकर विवाद बढ़ गया है। तृणमूल कांग्रेस सांसद कल्याण बनर्जी ने इस मामले को लेकर कलकत्ता हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। याचिका में दावा किया गया है कि राज्य में करीब 4 हजार मस्जिदों से लाउडस्पीकर हटाए गए हैं और कई स्थानों पर पुलिस ने इन्हें हटाने के लिए मौखिक निर्देश दिए।
मामले की सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने इस आंकड़े का आधार पूछा। याचिकाकर्ता की ओर से बताया गया कि 4 हजार का आंकड़ा मुख्यमंत्री के विधानसभा में दिए गए बयान से संबंधित है। अदालत ने यह भी सवाल किया कि यदि इतनी बड़ी संख्या में कार्रवाई हुई है तो संबंधित मस्जिदों और अधिकारियों का विवरण याचिका में क्यों नहीं दिया गया।
राज्य सरकार ने आरोपों पर तत्काल सहमति नहीं जताई। सरकार की ओर से कहा गया कि अधिकारियों से जानकारी लेने के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट की जा सकेगी। अदालत ने राज्य से जवाब मांगा है, लेकिन फिलहाल लाउडस्पीकर हटाने पर कोई अंतरिम रोक नहीं लगाई है।
मामले में एक अहम सवाल यह भी है कि कार्रवाई यदि ध्वनि प्रदूषण के नियमों के तहत हुई है तो क्या सभी धार्मिक स्थलों पर समान मानक लागू किए जा रहे हैं? वहीं, यदि पुलिस ने बिना लिखित आदेश के कार्रवाई की है तो उसके कानूनी आधार को स्पष्ट करना होगा।
अब हाईकोर्ट में राज्य सरकार के जवाब से यह साफ होगा कि 4 हजार मस्जिदों का आंकड़ा कितना वास्तविक है और लाउडस्पीकर हटाने की कार्रवाई किस नियम और प्रक्रिया के तहत की गई।

Post a Comment