Top News

असम में नशे के कारोबार पर बड़ा वार, कछार में 168 करोड़ की याबा जब्त

गुवाहाटी। असम में नशे के खिलाफ सुरक्षा एजेंसियों की कार्रवाई लगातार तेज हो रही है। कछार जिले में असम राइफल्स और राजस्व खुफिया निदेशालय की संयुक्त टीम ने करीब 168 करोड़ रुपये की 5.60 लाख याबा टैबलेट जब्त की हैं। यह कार्रवाई 25-26 अगस्त की रात लखीपुर इलाके के जुजांग पहाड़ में की गई। करीब 60 किलो वजन की इस खेप के साथ एक कथित तस्कर को गिरफ्तार किया गया और परिवहन में इस्तेमाल ट्रक भी जब्त कर लिया गया।



जांच एजेंसियों के मुताबिक, खेप के मणिपुर से आने और राष्ट्रीय राजमार्ग-37 के रास्ते असम की ओर ले जाए जाने का संदेह है। अब जांच का फोकस उस पूरे नेटवर्क पर है, जिसके जरिए इतनी बड़ी मात्रा में नशीली गोलियां एक राज्य से दूसरे राज्य तक पहुंचाई जा रही थीं।


इसी बीच गुवाहाटी में भी नशीले पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई हुई। असम पुलिस की विशेष कार्यबल ने 397 ग्राम संदिग्ध हेरोइन बरामद कर तीन लोगों को गिरफ्तार किया। हेरोइन को 37 साबुन की डिब्बियों में छिपाकर ले जाया जा रहा था। पुलिस ने नकदी, मोबाइल फोन, सिम कार्ड और वाहन भी जब्त किया है।


असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने हालिया कार्रवाई को सरकार के नशामुक्ति अभियान का हिस्सा बताया है। लगातार हो रही बड़ी बरामदगियों ने पूर्वोत्तर से देश के दूसरे हिस्सों तक फैले नशे के नेटवर्क पर भी गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post