शत्रु संपत्ति विवाद में ईओडब्ल्यू ने तेज की पड़ताल, पुराने रिकॉर्ड और जमीन के लेन-देन की होगी जांच
भोपाल। अभिनेता सैफ अली खान के परिवार से जुड़ी भोपाल की करीब 1370 एकड़ जमीन का विवाद एक बार फिर सुर्खियों में है। आर्थिक अपराध शाखा इस मामले में पुराने राजस्व रिकॉर्ड और जमीन के स्वामित्व से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है।
विवाद की जड़ भोपाल रियासत के अंतिम नवाब हमिदुल्लाह खान की संपत्तियों से जुड़ी है। उनकी बड़ी बेटी आबिदा सुल्तान 1950 में पाकिस्तान चली गई थीं। इसी आधार पर केंद्र के शत्रु संपत्ति विभाग ने पटौदी परिवार से जुड़ी भोपाल की संपत्तियों को शत्रु संपत्ति घोषित किया था। सैफ अली खान और परिवार ने इस कार्रवाई को अदालत में चुनौती दी थी।
मामले में अब यह भी जांच का विषय है कि आबिदा सुल्तान के पाकिस्तान जाने के बाद संबंधित जमीन के अधिकार और हस्तांतरण किस प्रक्रिया से हुए। पुराने दस्तावेजों में साजिदा सुल्तान को नवाब की निजी चल-अचल संपत्तियों का उत्तराधिकारी मानने से जुड़े सरकारी रिकॉर्ड भी सामने आए हैं।
मध्यप्रदेश हाईकोर्ट ने दिसंबर 2024 में सैफ की याचिका खारिज करते हुए उन्हें वैधानिक अपीलीय व्यवस्था का रास्ता अपनाने को कहा था। अब ईओडब्ल्यू की जांच से यह सवाल फिर सामने आया है कि हजारों करोड़ की बताई जा रही इन संपत्तियों के स्वामित्व और पुराने जमीन हस्तांतरण में कहीं कोई अनियमितता तो नहीं हुई।
बड़ा सवाल यही है—अगर रिकॉर्ड सही हैं तो उन्हें सार्वजनिक कर विवाद खत्म क्यों नहीं किया जाता, और यदि रिकॉर्ड में गड़बड़ी है तो इतने वर्षों तक जिम्मेदार कौन रहा?

Post a Comment