150 मिली की बोतल में 45 मिलीग्राम तक कैफीन, खाद्य विभाग ने लिए नमूने; कम उम्र में लगातार सेवन पर सवाल
इंदौर। बाजार में ₹10 से ₹30 में मिलने वाली छोटी-छोटी एनर्जी ड्रिंक अब बच्चों और किशोरों की पसंद बन रही हैं। आकर्षक पैकिंग और मीठे स्वाद के बीच सबसे बड़ा सवाल इनमें मौजूद कैफीन की मात्रा और कम उम्र में इसके लगातार सेवन को लेकर है। इंदौर में ऐसी पेय पदार्थों के नमूने जांच के लिए लिए गए हैं।
जानकारी के मुताबिक 150 मिलीलीटर की कुछ बोतलों में 45 मिलीग्राम तक कैफीन होने की बात सामने आई है। यानी छोटी बोतल होने के बावजूद इसमें उत्तेजक पदार्थ की मात्रा कम नहीं मानी जा सकती। कैफीन का अधिक सेवन बच्चों में नींद प्रभावित होने, बेचैनी, घबराहट और दिल की धड़कन बढ़ने जैसी समस्याओं से जुड़ सकता है।
एफएसएसएआई के नियमों के अनुसार कैफीनयुक्त पेय पर कैफीन की मात्रा बताने के साथ स्पष्ट चेतावनी दी जानी चाहिए कि ऐसे पेय बच्चों के लिए अनुशंसित नहीं हैं।
सवाल यह है कि स्कूलों और बच्चों की पहुंच वाले इलाकों में ऐसी पेय पदार्थों की बिक्री और प्रचार की निगरानी कितनी प्रभावी है?
इंदौर में लिए गए नमूनों की प्रयोगशाला रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि संबंधित उत्पाद निर्धारित मानकों पर खरे उतरते हैं या नहीं।

Post a Comment