अमेरिकी राष्ट्रपति ने ईरानी जहाजों की नाकेबंदी दोबारा शुरू करने का ऐलान किया, वैश्विक तेल आपूर्ति पर बढ़ी चिंता
वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने घोषणा की है कि अमेरिका होर्मुज जलडमरूमध्य और ईरानी बंदरगाहों से आने-जाने वाले जहाजों पर समुद्री नाकेबंदी दोबारा लागू करेगा। अमेरिकी प्रशासन के अनुसार यह कार्रवाई ईरान द्वारा अंतरराष्ट्रीय जहाजों पर हमलों और क्षेत्रीय तनाव बढ़ने के बाद की जा रही है।
अमेरिकी नौसेना के नेतृत्व वाले संयुक्त समुद्री सूचना केंद्र (JMIC) ने कहा है कि नाकेबंदी के तहत ईरानी बंदरगाहों और तटीय क्षेत्रों में प्रवेश या वहां से निकलने वाले जहाजों की निगरानी की जाएगी। बिना अनुमति प्रवेश करने वाले जहाजों को रोका, मोड़ा या जब्त भी किया जा सकता है। हालांकि अमेरिका ने स्पष्ट किया है कि ईरान से संबंधित नहीं होने वाले देशों के जहाजों के लिए होर्मुज जलडमरूमध्य से सामान्य आवागमन जारी रहेगा।
इस घोषणा के बाद अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा बाजार में हलचल तेज हो गई है। विश्लेषकों का मानना है कि यदि तनाव और बढ़ता है तो कच्चे तेल की कीमतों में और उछाल आ सकता है, जिसका असर पेट्रोल, डीजल और वैश्विक महंगाई पर पड़ सकता है। ईरान ने अमेरिकी फैसले का विरोध करते हुए इसे क्षेत्रीय स्थिरता के लिए गंभीर खतरा बताया है।

Post a Comment