'
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के दूसरे और तीसरे श्रेणी के शहरों में हवाई यात्रा को नई गति देने के लिए क्षेत्रीय हवाई संपर्क योजना 'विकसित उड़ान' की शुरुआत की है। सरकार का दावा है कि इस योजना से छोटे शहरों के लोगों के लिए हवाई सफर पहले से अधिक आसान, सस्ता और सुलभ होगा, वहीं क्षेत्रीय विकास को भी नई रफ्तार मिलेगी।
'उड़ान' योजना के नए चरण के तहत आने वाले वर्षों में छोटे एयरपोर्ट, हेलीपोर्ट और वाटर एयरोड्रोम का तेजी से विस्तार किया जाएगा। सरकार इस योजना पर लगभग 28,840 करोड़ रुपये खर्च करेगी। इसका उद्देश्य उन शहरों और क्षेत्रों को हवाई नेटवर्क से जोड़ना है, जहां अब तक विमान सेवाएं सीमित या पूरी तरह अनुपलब्ध रही हैं।
राजस्थान के जोधपुर में नए एयरपोर्ट टर्मिनल के उद्घाटन के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में मजबूत विमानन ढांचा अहम भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि अब विकास सिर्फ महानगरों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि छोटे शहर भी देश की आर्थिक प्रगति के केंद्र बनेंगे।
सरकार के अनुसार, वर्ष 2016 में शुरू हुई उड़ान योजना के तहत अब तक 669 से अधिक क्षेत्रीय हवाई मार्ग शुरू किए जा चुके हैं और 95 एयरपोर्ट, हेलीपोर्ट व वाटर एयरोड्रोम को जोड़ा गया है। इससे 1.66 करोड़ से अधिक यात्रियों को लाभ मिला है। 'विकसित उड़ान' के जरिए सरकार का लक्ष्य क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को और मजबूत करना, पर्यटन, व्यापार और निवेश को बढ़ावा देना तथा छोटे शहरों को देश की विकास यात्रा में बराबर का भागीदार बनाना है।

Post a Comment