Top News

नए मुख्य सचिव के साथ प्रशासनिक फेरबदल की तैयारी, कई विभागों में बड़े बदलाव के संकेत

 

प्रणव बजाज


इन्दौर ।  मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री के लाडले नए मुख्य सचिव अशोक वर्णवाल के पदभार संभालते ही प्रशासनिक व्यवस्था में व्यापक फेरबदल की तैयारियां तेज हो गई हैं। मंत्रालय में अब अपर मुख्य सचिव (एसीएस), प्रमुख सचिव (पीएस) और कई महत्वपूर्ण विभागों में जिम्मेदारियों के पुनर्वितरण की संभावना जताई जा रही है। सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से चर्चा के बाद एक-दो दिन में तबादलों और नई पदस्थापनाओं की सूची जारी हो सकती है।



वर्तमान मुख्य सचिव अनुराग जैन ने औपचारिक रूप से पदभार सौंप दिया है। उनके नई दिल्ली जाकर नीति आयोग में मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) का दायित्व संभालने की संभावना है। वहीं नए मुख्य सचिव अशोक वर्णवाल के कार्यभार ग्रहण करते ही प्रशासनिक मशीनरी को अधिक प्रभावी बनाने की कवायद शुरू हो गई है।


इन विभागों पर सबसे अधिक नजर


सूत्रों के अनुसार स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा, भोपाल गैस राहत एवं पुनर्वास, खाद्य सुरक्षा, जल संसाधन, नर्मदा घाटी विकास तथा अतिरिक्त प्रभार वाले कई विभागों में बदलाव की संभावना सबसे अधिक है। वर्तमान में इन विभागों की जिम्मेदारियों के पुनर्गठन पर मंथन चल रहा है।


डॉ. राजेश राजौरा की भूमिका पर भी चर्चा


प्रशासनिक गलियारों में अपर मुख्य सचिव डॉ. राजेश राजौरा की नई भूमिका को लेकर भी चर्चाएं हैं। उनके पास वर्तमान में जल संसाधन और नर्मदा घाटी विकास जैसे महत्वपूर्ण विभाग हैं। सूत्रों का कहना है कि उन्हें किसी अन्य महत्वपूर्ण जिम्मेदारी पर भेजा जा सकता है, जिससे इन विभागों में भी नए अधिकारियों की नियुक्ति का रास्ता खुल सकता है।


अतिरिक्त प्रभार खत्म करने की तैयारी


सरकार केवल अधिकारियों के तबादलों तक सीमित नहीं रहना चाहती, बल्कि कई अधिकारियों के पास मौजूद अतिरिक्त प्रभार भी वापस लिए जा सकते हैं। उद्देश्य विभागों के बीच बेहतर समन्वय, जवाबदेही और प्रशासनिक दक्षता बढ़ाना बताया जा रहा है।


सरकार का फोकस


सरकार आगामी महीनों में विकास परियोजनाओं, निवेश, स्वास्थ्य सेवाओं, सिंचाई और आधारभूत ढांचे से जुड़े कार्यों में तेजी लाने के उद्देश्य से प्रशासनिक ढांचे को नई दिशा देने की तैयारी में है। ऐसे में नए मुख्य सचिव के नेतृत्व में होने वाला यह फेरबदल प्रदेश की प्रशासनिक प्राथमिकताओं का महत्वपूर्ण संकेत माना जा रहा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post