भारतीय सब-जूनियर पुरुष हॉकी टीम ने जीता एफआईएच यूथ हॉकी-फाइव्स एशियाई चैंपियनशिप का खिताब



मस्कट। भारतीय सब-जूनियर पुरुष हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एफआईएच यूथ हॉकी-फाइव्स एशियाई चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम कर लिया। फाइनल मुकाबले में भारत ने चिरप्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 3-1 से हराकर स्वर्ण पदक जीता। इस जीत के साथ भारत ने पूरे टूर्नामेंट का समापन अपराजित रहते हुए किया। 


फाइनल में भारत के लिए रोमित पाल ने पांचवें मिनट में पहला गोल किया। इसके बाद कप्तान केतन कुशवाहा ने 12वें मिनट में बढ़त दोगुनी की और शाहरुख अली ने अगले ही मिनट गोल कर भारत को 3-0 की मजबूत बढ़त दिला दी। पाकिस्तान की ओर से मोहम्मद उस्मान ने एकमात्र गोल किया, लेकिन भारतीय रक्षा पंक्ति ने बढ़त कायम रखते हुए खिताब अपने नाम कर लिया। 


इस उपलब्धि के साथ भारत और पाकिस्तान दोनों ने उद्घाटन एफआईएच यूथ हॉकी-फाइव्स विश्व कप के लिए भी क्वालीफाई कर लिया है। वहीं, भारतीय सब-जूनियर महिला टीम ने फाइनल में चीन से हारकर रजत पदक जीता। 


भारतीय टीम की शानदार सफलता पर हॉकी इंडिया ने नकद पुरस्कारों की घोषणा की है। स्वर्ण पदक विजेता पुरुष टीम के प्रत्येक खिलाड़ी को ₹2 लाख तथा सहयोगी स्टाफ के प्रत्येक सदस्य को ₹1 लाख दिए जाएंगे। महिला टीम के प्रत्येक खिलाड़ी को ₹1 लाख और सहयोगी स्टाफ के प्रत्येक सदस्य को ₹50 हजार का पुरस्कार मिलेगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post