Top News

पीएम मोदी की इंडोनेशिया, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड की तीन देशों की यात्रा संपन्न



प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी इंडोनेशिया, ऑस्ट्रेलिया और न्यूज़ीलैंड की यात्रा पूरी कर स्‍वदेश रवाना हो गए हैं। इस दौरान श्री मोदी ने न्यूज़ीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन के साथ व्यापक बातचीत की। भारत और न्यूज़ीलैंड ने द्विपक्षीय संबंधों को रणनीतिक साझेदारी तक बढ़ाया है। इस दौरान रक्षा, पर्यटन, खेल, आपदा प्रबंधन और डेयरी तथा पशुपालन सहित कई प्रमुख क्षेत्रों में समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए। 

 

ऑकलैंड में सामुदायिक कार्यक्रम में भारतीय मूल के दस हज़ार से अधिक लोगों ने भाग लिया। श्री मोदी ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि भारत और न्यूज़ीलैंड का भविष्य आपस में जुड़ा हुआ है। उन्‍होंने कहा कि द्विपक्षीय व्यापार समझौता भारत की विकसित राष्ट्र बनने की यात्रा को गति प्रदान करेगा।

 

प्रधानमंत्री लक्सन ने भारत को विश्‍वसनीय मित्र बताते हुए न्यूज़ीलैंड की प्रगति में भारतीय समुदाय के योगदान की सराहना की। उन्‍होंने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की भी प्रशंसा की।

 

श्री मोदी ने श्री लक्सन के शानदार आतिथ्य के लिए धन्यवाद दिया। उन्‍होंने कहा कि इस यात्रा से भारत-न्यूज़ीलैंड संबंधों में एक नया अध्याय शुरू है। श्री मोदी ने 40 वर्ष बाद भारतीय प्रधानमंत्री की न्‍यूजीलैंड यात्रा के बारे में कहा कि अगली यात्रा में इतना समय नहीं लगेगा।

 

यात्रा की समाप्ति पर, प्रधानमंत्री लक्सन ने श्री मोदी को व्यक्तिगत रूप से हवाई अड्डे पर विदाई दी। 

 

सोशल मीडिया पोस्ट में, प्रधानमंत्री मोदी ने इस सफल यात्रा के दौरान मिले असाधारण स्नेह के लिए प्रधानमंत्री लक्सन, न्यूज़ीलैंड सरकार और लोगों को धन्यवाद दिया। श्री मोदी ने कहा कि संबंधों को रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक ले जाने का निर्णय, व्यापार और निवेश में प्रगति तथा रक्षा, शिक्षा, संस्कृति, खेल और लोगों के बीच आपसी संबंधों में आई नई गति हमारी दोस्ती की बढ़ती गहराई को दर्शाती है।

 

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की तीन देशों की यात्रा के महत्‍वपूर्ण परिणाम निकले हैं। इससे व्यापार, प्रौद्योगिकी, सुरक्षा, शिक्षा, नवाचार और लोगों के बीच आपसी संपर्क जैसे कई क्षेत्रों में सहयोग को बढ़ावा मिला है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी और न्यूज़ीलैंड के प्रधानमंत्री ने द्विपक्षीय संबंधों के सभी पहलुओं की समीक्षा की। बातचीत में व्यापार और निवेश, रक्षा और सुरक्षा, कृषि प्रौद्योगिकी, खेल, शिक्षा, पर्यटन, संस्कृति और लोगों के बीच आपसी संपर्क जैसे विषय शामिल थे। प्रवक्ता ने कहा कि दोनों नेताओं ने आपसी हित के क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई। दोनों नेताओं ने भारत-न्यूज़ीलैंड मुक्त व्यापार समझौते को शीघ्र लागू करने के महत्व पर बल दिया।

 

प्रधानमंत्री मोदी की तीन देशों की यात्रा के दौरान भारत ने इंडोनेशिया, ऑस्ट्रेलिया और न्यूज़ीलैंड के साथ व्यापार, प्रौद्योगिकी, सुरक्षा, नवाचार, शिक्षा और लोगों के बीच आपसी संबंधों जैसे कई क्षेत्रों में सहयोग का विस्तार किया।

Post a Comment

Previous Post Next Post