₹60 हजार करोड़ की परियोजनाओं को मंजूरी, राजनाथ-गडकरी और योगी ने राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का किया लोकार्पण-शिलान्यास
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में सड़क और आधारभूत ढांचे के विकास को नई गति देने के लिए लगभग ₹60,000 करोड़ की विभिन्न परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है। इसी क्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ₹4,850 करोड़ से अधिक लागत की तीन महत्वपूर्ण राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।
लोकार्पित परियोजनाओं में कानपुर-लखनऊ छह-लेन एक्सप्रेसवे का निर्माण तथा हरदोई-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग (पैकेज-4) के चार-लेन निर्माण कार्य शामिल हैं। वहीं शिलान्यास के तहत इंजीनियरिंग कॉलेज चौराहे पर चार-लेन फ्लाईओवर के निर्माण की आधारशिला रखी गई। इन परियोजनाओं से राजधानी लखनऊ और आसपास के क्षेत्रों में यातायात सुगम होगा तथा यात्रा समय में उल्लेखनीय कमी आने की उम्मीद है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में आधुनिक सड़क नेटवर्क, बेहतर संपर्क और तेज़ आधारभूत विकास राज्य की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा। वहीं केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि केंद्र सरकार विश्वस्तरीय सड़क अवसंरचना विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है, जिससे निवेश, उद्योग और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

Post a Comment