Top News

दिल्ली नेक्स्ट' से बदलेगी राजधानी की तस्वीर

 '


दिल्ली सरकार ने राजधानी के प्रशासन को तकनीक आधारित और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए 'दिल्ली नेक्स्ट – कोड, क्रिएट एंड चेंज' कार्यक्रम की शुरुआत की है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस पहल का शुभारंभ करते हुए कहा कि "दिल्ली के युवाओं में असीम प्रतिभा है। यदि उन्हें सही मंच और अवसर मिले तो वे राजधानी की सबसे जटिल समस्याओं का भी आधुनिक समाधान दे सकते हैं।"


सरकार के अनुसार, यह देश का सबसे बड़ा सिविक-टेक इनोवेशन प्रोग्राम है, जिसका उद्देश्य युवाओं, स्टार्टअप्स, शोधकर्ताओं और तकनीकी विशेषज्ञों को शासन व्यवस्था से जोड़ना है। कार्यक्रम के तहत ट्रैफिक प्रबंधन, कचरा निस्तारण, जलभराव, प्रदूषण, सार्वजनिक सेवाओं की निगरानी और डिजिटल गवर्नेंस जैसी शहरी चुनौतियों के लिए तकनीक आधारित समाधान विकसित किए जाएंगे।

चयनित नवाचारों को पहले पायलट प्रोजेक्ट के रूप में लागू किया जाएगा। सफल होने पर इन्हें पूरे दिल्ली में विस्तार दिया जाएगा। सरकार का मानना है कि इससे न केवल प्रशासनिक दक्षता बढ़ेगी, बल्कि नागरिक सेवाएं भी अधिक पारदर्शी, तेज और जवाबदेह बनेंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले समय में शासन केवल सरकारी तंत्र से नहीं, बल्कि नवाचार, स्टार्टअप और डिजिटल तकनीक की साझेदारी से संचालित होगा। इसी सोच के साथ दिल्ली सरकार युवाओं को नीति निर्माण और शहरी विकास की प्रक्रिया का सक्रिय भागीदार बना रही है।

विशेषज्ञों का मानना है कि यदि यह मॉडल सफल रहता है तो 'दिल्ली नेक्स्ट' देश के अन्य राज्यों के लिए भी तकनीक आधारित शहरी प्रशासन का एक नया मानक बन सकता है।

Post a Comment

Previous Post Next Post