आयाम बजाज : मुंबई
मुंबई। महाराष्ट्र में लगातार हो रही तेज बारिश को देखते हुए राज्य सरकार ने 8 जुलाई तक हाई अलर्ट घोषित किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि संभावित आपदा से निपटने के लिए सभी संबंधित विभागों को पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। सरकार का लक्ष्य किसी भी आपात स्थिति में त्वरित राहत और बचाव कार्य सुनिश्चित करना है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि (एनडीआरएफ) और (एसडीआरएफ) की टीमें संवेदनशील क्षेत्रों में तैनात कर दी गई हैं। सभी जिला कलेक्टर, जिला प्रशासन, अग्निशमन दल और आपातकालीन सेवाओं को चौबीसों घंटे सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। जिन इलाकों में भूस्खलन, जलभराव या बाढ़ की आशंका अधिक है, वहां पहले से ही आवश्यक तैयारियां कर ली गई हैं।
मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में अत्यधिक वर्षा की संभावना जताई है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अनावश्यक यात्रा से बचें, नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहें तथा स्थानीय प्रशासन और मौसम विभाग द्वारा जारी सलाह का पालन करें।
सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए राहत सामग्री, बचाव उपकरण और आवश्यक संसाधन उपलब्ध रखे गए हैं। लगातार निगरानी की जा रही है ताकि जरूरत पड़ने पर प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल सहायता पहुंचाई जा सके।

Post a Comment