Top News

जूनियर एशिया कप की तैयारी तेज, बेल्जियम दौरे के लिए भारत की अंडर-21 टीम घोषित

 


नई दिल्ली। हॉकी इंडिया ने 5 से 18 जुलाई तक होने वाले बेल्जियम एक्सपोजर दौरे के लिए 22 सदस्यीय भारतीय अंडर-21 जूनियर पुरुष हॉकी टीम की घोषणा कर दी है। इस दौरे को वर्ष के अंत में होने वाले जूनियर एशिया कप की तैयारियों के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।


टीम की कप्तानी डिफेंडर अनमोल एक्का को सौंपी गई है। नव नियुक्त मुख्य कोच फ्रेडरिक सोयेज़ के मार्गदर्शन में यह टीम पहली बार अंतरराष्ट्रीय दौरे पर उतरेगी। टीम में विवेक लाकड़ा और कुणाल तेवतिया को गोलकीपर के रूप में शामिल किया गया है, जबकि रक्षा पंक्ति और मिडफील्ड में कई युवा खिलाड़ियों को मौका दिया गया है।

बेल्जियम दौरे के दौरान भारतीय टीम ऑस्ट्रिया और बेल्जियम के खिलाफ दो-दो मैच खेलेगी, जबकि जर्मनी और नीदरलैंड के खिलाफ एक-एक मुकाबला होगा। भारतीय अभियान की शुरुआत 7 जुलाई को ऑस्ट्रिया के खिलाफ होगी और अंतिम मुकाबला 17 जुलाई को नीदरलैंड से खेला जाएगा।

हॉकी इंडिया का मानना है कि यूरोप की मजबूत टीमों के खिलाफ मुकाबलों से खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर का अनुभव मिलेगा और टीम संयोजन को परखने का अवसर भी मिलेगा। चयनकर्ताओं को उम्मीद है कि यह दौरा युवा खिलाड़ियों के आत्मविश्वास को बढ़ाएगा और जूनियर एशिया कप में भारत के अभियान को मजबूती देगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post