150 बच्चों के बीमार होने का मामला: शिशुकुंज स्कूल के किचन पर अभी भी ताला, निजी जांच रिपोर्ट प्रशासन ने ठुकराई

 


इंदौर। शिशुकुंज इंटरनेशनल स्कूल में करीब 150 बच्चों के बीमार होने के मामले में नया मोड़ सामने आया है। स्कूल परिसर के आरओ पानी में ई-कोलाई और कोलीफॉर्म जैसे खतरनाक बैक्टीरिया मिलने के बाद सील किए गए स्कूल किचन को दोबारा शुरू कराने की कोशिशों को जिला प्रशासन ने फिलहाल रोक दिया है।



प्रारंभिक जांच में पानी और खाद्य पदार्थों के सैंपल मानकों पर खरे नहीं उतरने के बाद प्रशासन ने स्कूल प्रबंधन को नोटिस जारी कर व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश दिए थे। इसके बाद स्कूल प्रबंधन ने निजी प्रयोगशाला से पानी और भोजन के सैंपलों की जांच कराई और रिपोर्ट सामान्य होने का दावा करते हुए किचन खोलने की अनुमति मांगी। इस संबंध में भोपाल से लेकर इंदौर तक अधिकारियों से संपर्क किए जाने की भी जानकारी सामने आई है।


हालांकि, जिला प्रशासन ने निजी प्रयोगशाला की रिपोर्ट को स्वीकार करने से इनकार कर दिया है। प्रशासन का कहना है कि केवल अधिकृत सरकारी प्रयोगशाला की जांच रिपोर्ट के आधार पर ही आगे का निर्णय लिया जाएगा।


इसी क्रम में फूड सेफ्टी विभाग की टीम ने पानी और खाद्य पदार्थों के नए सैंपल लेकर उन्हें अधिकृत प्रयोगशाला भेज दिया है। अधिकारियों के अनुसार, जब तक सरकारी जांच रिपोर्ट में सभी सैंपल सुरक्षित नहीं पाए जाते, तब तक स्कूल का किचन बंद रहेगा।


प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की जल्दबाजी में किचन संचालन की अनुमति नहीं दी जाएगी। अब सभी की नजर अधिकृत प्रयोगशाला की रिपोर्ट पर टिकी है, जिसके बाद ही आगे की कार्रवाई तय होगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post