भोपाल में एमबीबीएस इंटर्न्स का हल्ला बोल: 1200 छात्रों की रैली, 30 हजार रुपये स्टाइपेंड की मांग; काम के बहिष्कार की चेतावनी

 

भोपाल में एमबीबीएस इंटर्न्स और मेडिकल विद्यार्थियों ने स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर बड़ा प्रदर्शन किया। करीब 1200 इंटर्न्स और छात्रों ने हमीदिया अस्पताल से कलेक्ट्रेट तक शांतिपूर्ण पदयात्रा निकालकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।



प्रदर्शनकारी इंटर्न्स की मुख्य मांग है कि उनका मासिक स्टाइपेंड बढ़ाकर 30 हजार रुपये किया जाए। उनका कहना है कि वर्तमान स्टाइपेंड बढ़ती महंगाई और कार्यभार के अनुरूप नहीं है। इंटर्न्स ने बताया कि वे लंबे समय तक अस्पतालों में मरीजों की सेवा करते हैं, इसलिए उन्हें सम्मानजनक स्टाइपेंड मिलना चाहिए।


छात्रों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो वे चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेंगे। आवश्यकता पड़ने पर काम का बहिष्कार भी किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।


रैली के दौरान छात्रों ने शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगें रखीं और सरकार से शीघ्र निर्णय लेने की अपील की। प्रदर्शन में शामिल विद्यार्थियों ने कहा कि उनका उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं को प्रभावित करना नहीं, बल्कि अपने अधिकारों और उचित स्टाइपेंड की मांग को सरकार तक पहुंचाना है।


अब इंटर्न्स की नजर राज्य सरकार के फैसले पर है। यदि मांगें पूरी नहीं होती हैं तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिए जाने की संभावना है।

Post a Comment

Previous Post Next Post