Top News

आंध्र प्रदेश में फिर बढ़ी कोरोना की दस्तक, 12 नए मामले; 4 मरीजों की मौत के बाद प्रशासन अलर्ट

 


अमरावती। आंध्र प्रदेश में एक बार फिर कोरोना संक्रमण के मामले सामने आने से स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। राज्य में 26 जून से 16 जुलाई के बीच 12 नए कोविड-19 संक्रमित मिले हैं, जबकि चार मरीजों की मौत हुई है। सभी मृतक पहले से अन्य गंभीर बीमारियों (को-मॉर्बिडिटी) से भी पीड़ित थे। 



स्वास्थ्य आयुक्त जी. वीरपांडियन के अनुसार, चार मौतों में तीन कडप्पा जिले और एक काकीनाडा जिले से हुई है। संक्रमण के मामले कडप्पा, गुंटूर, विशाखापत्तनम और काकीनाडा समेत विभिन्न जिलों में मिले हैं, हालांकि फिलहाल किसी बड़े क्लस्टर या व्यापक सामुदायिक संक्रमण के संकेत नहीं मिले हैं। 


राज्य सरकार ने वायरस के स्वरूप की पहचान के लिए पांच नमूने पुणे स्थित राष्ट्रीय विषाणु विज्ञान संस्थान (एनआईवी) भेजे हैं। अस्पतालों को सतर्क रहने, जांच बढ़ाने और संदिग्ध मरीजों की निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। 

स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि सर्दी, खांसी, बुखार या सांस लेने में तकलीफ जैसे लक्षण होने पर तुरंत जांच कराएं और आवश्यक सावधानियां बरतें। अधिकारियों ने कहा है कि फिलहाल घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन सतर्कता बनाए रखना आवश्यक है।

Post a Comment

Previous Post Next Post