महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) का प्रश्नपत्र कथित तौर पर लीक होने के बाद राज्य की राजनीति गरमा गई है। परीक्षा स्थगित होने से लाखों अभ्यर्थियों को बड़ा झटका लगा है। मामले को लेकर कांग्रेस ने नांदेड़ में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया और राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि बार-बार होने वाली पेपर लीक की घटनाएं युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हैं और सरकार परीक्षाओं की गोपनीयता बनाए रखने में पूरी तरह विफल रही है। विपक्ष ने इसे "पेपर लीक सरकार" बताते हुए जिम्मेदार अधिकारियों और पूरे नेटवर्क के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
उधर, पुलिस ने भिवंडी से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में अंतरराज्यीय गिरोह की भूमिका सामने आने की बात कही जा रही है। राज्य सरकार ने मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) गठित किया है, जबकि मुख्यमंत्री ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिया है।
इस पूरे घटनाक्रम के बीच लाखों अभ्यर्थियों की नई परीक्षा तिथि का इंतजार बढ़ गया है। विपक्ष का कहना है कि केवल जांच नहीं, बल्कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस और जवाबदेह व्यवस्था बनाई जानी चाहिए।
Post a Comment