भोपाल। मध्य प्रदेश सरकार ने बस यात्रियों को बड़ी राहत देने का फैसला किया है। परिवहन विभाग ने यात्री किराया निर्धारण के लिए नया फॉर्मूला लागू किया है, जिसके तहत 1 अगस्त से प्रदेश में बसों का किराया कम हो जाएगा। नई व्यवस्था में 1.25 रुपये प्रति किलोमीटर का बेसिक फेयर तय किया गया है। इसके चलते लंबी दूरी के रूटों पर यात्रियों को 200 रुपये तक की बचत हो सकती है।
नए किराया निर्धारण का सबसे अधिक फायदा इंदौर-भोपाल, ग्वालियर-भोपाल, जबलपुर-भोपाल और अन्य प्रमुख मार्गों पर यात्रा करने वाले यात्रियों को मिलेगा। परिवहन विभाग का मानना है कि एक समान किराया प्रणाली लागू होने से यात्रियों को पारदर्शी और न्यायसंगत दरों पर यात्रा सुविधा मिल सकेगी।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार, नए फॉर्मूले के लागू होने के बाद विभिन्न श्रेणी की बसों के किराए का पुनर्निर्धारण किया जाएगा। सरकार का उद्देश्य आम यात्रियों पर यात्रा खर्च का बोझ कम करना और सार्वजनिक परिवहन को अधिक आकर्षक बनाना है।
1 अगस्त से लागू होने वाली इस व्यवस्था के बाद प्रदेशभर के लाखों बस यात्रियों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।
Post a Comment