“
बौद्धिक प्रतिकार ।
भोपाल। मध्य प्रदेश की राजनीति में बयानबाजी का दौर तेज हो गया है। मुख्यमंत्री Mohan Yadav ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष Jitu Patwari पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस ऐसे नेता के हाथों में है जो अपनी ही सीट नहीं बचा सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जीतू पटवारी प्रदेश अध्यक्ष रहते हुए लोकसभा चुनाव में इंदौर से कांग्रेस का उम्मीदवार तक खड़ा नहीं कर पाए। ऐसे में उनका सरकार बनाने का दावा वास्तविकता से दूर है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “यदि मैं अभिनंदन लाल हूं, तो तुम टपोरी लाल हो।”
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि कांग्रेस नेतृत्व जनता के बीच अपना विश्वास खो चुका है और उसके नेता केवल सपने दिखाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने जीतू पटवारी की तुलना “मुंगेरी लाल” से करते हुए कहा कि वे सरकार बनाने के ख्वाब देख रहे हैं, जबकि जनता ने उन्हें पहले ही नकार दिया है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि आगामी चुनावी तैयारियों के बीच प्रदेश में सत्तारूढ़ दल और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर और तेज हो सकता है। वहीं कांग्रेस की ओर से भी मुख्यमंत्री के बयान पर पलटवार किए जाने की संभावना जताई जा रही है।
प्रदेश की राजनीति में बढ़ती बयानबाजी के बीच दोनों प्रमुख दल जनता के मुद्दों के साथ-साथ एक-दूसरे पर राजनीतिक हमले करने में भी जुटे हुए हैं।

Post a Comment