अयोध्या। राम मंदिर परिसर की दान पेटियों से चढ़ावे में कथित गड़बड़ी का मामला सामने आने के बाद श्रद्धालुओं के बीच यह जानने की उत्सुकता बढ़ गई है कि मंदिर में जमा होने वाले दान की गिनती आखिर कैसे की जाती है। मंदिर परिसर में स्थापित करीब 35 दान पेटियों में प्रतिदिन बड़ी मात्रा में नकद राशि, चेक और अन्य दान सामग्री जमा होती है।
मंदिर प्रशासन के अनुसार दान पेटियों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत खोला जाता है। पेटियों से निकाली गई राशि को एक विशेष सुरक्षित कक्ष में ले जाया जाता है, जहां सीसीटीवी निगरानी और अधिकृत कर्मचारियों की मौजूदगी में गिनती की जाती है। पूरी प्रक्रिया पारदर्शी रखने के लिए कई स्तरों पर निगरानी और रिकॉर्डिंग की व्यवस्था रहती है।
गिनती के दौरान नकदी को मशीनों की सहायता से अलग-अलग वर्गों में बांटा जाता है और उसका पूरा लेखा-जोखा तैयार किया जाता है। इसके बाद राशि को बैंक में जमा कराया जाता है। मंदिर प्रशासन का कहना है कि दान की सुरक्षा और पारदर्शिता के लिए सख्त नियमों का पालन किया जाता है।
हाल ही में सामने आए कथित चढ़ावा चोरी के मामले की जांच जारी है। प्रशासन का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment