चंडीगढ़। हरियाणा के बहुचर्चित 661 करोड़ रुपये के IDFC बैंक घोटाले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने वरिष्ठ आईएएस अधिकारी को गिरफ्तार कर लिया है। जांच के दौरान सामने आई एक कथित ऑडियो रिकॉर्डिंग ने मामले को नया मोड़ दे दिया है। बताया जा रहा है कि इस रिकॉर्डिंग में बैंक अधिकारी और आईएएस अधिकारी के बीच एक बिल्डर को 10 करोड़ रुपये ट्रांसफर करने को लेकर बातचीत हुई थी।
सूत्रों के अनुसार, जांच एजेंसियों को मिली ऑडियो रिकॉर्डिंग में कथित तौर पर बैंक मैनेजर को एक बिल्डर के खाते में रकम भेजने की मंजूरी दिए जाने की बात सामने आई है। CBI इस रिकॉर्डिंग को मामले में महत्वपूर्ण साक्ष्य के रूप में देख रही है और इसके आधार पर वित्तीय लेनदेन की पूरी श्रृंखला की जांच की जा रही है।
जांच एजेंसी का मानना है कि घोटाले में नियमों की अनदेखी कर बड़ी रकम का हस्तांतरण किया गया, जिससे सरकारी और बैंकिंग व्यवस्था को भारी नुकसान पहुंचा। मामले में कई अन्य लोगों की भूमिका भी जांच के दायरे में है।
CBI अब कथित ऑडियो रिकॉर्डिंग की फॉरेंसिक जांच, बैंक दस्तावेजों और वित्तीय लेनदेन के रिकॉर्ड का मिलान कर रही है। इस कार्रवाई के बाद प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में भी हलचल तेज हो गई है। जांच एजेंसी का कहना है कि मामले में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment