Bengaluru : प्रधानमंत्री Narendra Modi के बेंगलुरु दौरे से जुड़े सुरक्षा रूट पर संदिग्ध गतिविधियों का मामला और गंभीर हो गया है। विस्फोटक सामग्री मिलने के बाद अब जांच एजेंसियों को मौके से एक टाइमर डिवाइस भी बरामद हुई है। दावा किया जा रहा है कि आरोपी विस्फोटक को टाइमर से जोड़ नहीं पाए, जिससे बड़ी साजिश नाकाम हो गई।
जानकारी के मुताबिक, प्रधानमंत्री 10 मई को बेंगलुरु दौरे पर गए थे। उनके कार्यक्रम को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे रूट पर हाई अलर्ट घोषित किया था। इसी दौरान एक संदिग्ध बैग और विस्फोटक सामग्री मिलने से हड़कंप मच गया था। अब उसी मामले में टाइमर डिवाइस मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां इसे सुनियोजित साजिश मानकर जांच कर रही हैं।
सूत्रों के अनुसार, शुरुआती जांच में संकेत मिले हैं कि आरोपियों की योजना विस्फोटक को टाइमर के जरिए एक्टिव करने की थी, लेकिन तकनीकी कारणों या जल्दबाजी में वे डिवाइस को पूरी तरह कनेक्ट नहीं कर सके। यही वजह रही कि कोई विस्फोट नहीं हुआ।
घटना के बाद पुलिस, एनआईए और खुफिया एजेंसियां लगातार जांच में जुटी हैं। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियों ने पीएम के भविष्य के दौरों को लेकर भी अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।
इस घटना के बाद राजनीतिक हलकों में भी चिंता बढ़ गई है। विपक्ष ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए हैं, जबकि केंद्र सरकार ने मामले की गहन जांच का भरोसा दिलाया है।

Post a Comment