US-Iran War : अमेरिकी राष्ट्रपति Donald Trump ने ईरान के खिलाफ जारी संघर्ष को लेकर बेहद सख्त रुख अपनाया है। चीन रवाना होने से पहले ट्रम्प ने कहा कि अमेरिका हर हाल में यह जंग जीतेगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा, “ईरान या तो समझौता करेगा या फिर पूरी तरह तबाह हो जाएगा।”
ट्रम्प ने कहा कि अमेरिका के पास हालात से निपटने के लिए हर विकल्प मौजूद है और जरूरत पड़ने पर कड़े फैसले लेने से पीछे नहीं हटेगा। उन्होंने बताया कि चीन के राष्ट्रपति Xi Jinping के साथ उनकी बैठक में ईरान युद्ध और होर्मुज स्ट्रेट संकट पर भी चर्चा होगी। हालांकि, दोनों देशों के बीच व्यापारिक मुद्दे बातचीत का मुख्य एजेंडा रहेंगे।
इस बीच, Al Jazeera की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि 74 दिनों से जारी इस युद्ध में अमेरिका अब तक करीब 29 अरब डॉलर खर्च कर चुका है। रिपोर्ट के अनुसार यह राशि केवल हथियारों, मिसाइलों और सैन्य उपकरणों पर खर्च हुई है। इसमें सैन्य ठिकानों को हुए नुकसान और अन्य लॉजिस्टिक खर्च शामिल नहीं हैं।
उधर अमेरिकी रक्षा मंत्री Pete Hegseth ने कांग्रेस से अतिरिक्त रक्षा बजट की मांग की है। उन्होंने कहा कि दुनिया की सबसे ताकतवर सैन्य शक्ति बने रहने के लिए अमेरिका को 1.5 लाख करोड़ डॉलर के बड़े रक्षा निवेश की जरूरत पड़ेगी।
ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के चलते वैश्विक बाजारों में भी हलचल तेज हो गई है। खासकर होर्मुज स्ट्रेट को लेकर बढ़ती चिंता के कारण तेल कीमतों और अंतरराष्ट्रीय व्यापार पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।

Post a Comment