मुख्यमंत्री करेंगे सम्मानित, करोड़ों की क्रिप्टो ठगी का किया था खुलासा
भोपाल/इंदौर।मध्यप्रदेश शासन द्वारा हॉक फोर्स में पदस्थ उप निरीक्षक संजय चौधरी को वर्ष 2021-22 के लिए प्रतिष्ठित के.एफ. रुस्तमजी पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा 11 मई 2026 को उन्हें यह सम्मान प्रदान किया जाएगा। यह पुरस्कार उन्हें साइबर अपराध और क्रिप्टो करेंसी धोखाधड़ी के बड़े मामले के खुलासे में उत्कृष्ट तकनीकी दक्षता और उल्लेखनीय योगदान के लिए दिया जा रहा है।
उप निरीक्षक संजय चौधरी वर्तमान में हॉक फोर्स बालाघाट में पदस्थ हैं। इससे पहले वे इंदौर में राज्य साइबर सेल जोन में कार्यरत थे। इंदौर में पदस्थापना के दौरान उन्होंने एक अंतरराज्यीय साइबर ठगी गिरोह का पर्दाफाश करने में अहम भूमिका निभाई थी, जिसमें लोगों को क्रिप्टो आधारित निवेश प्रोजेक्ट में अधिक लाभ का लालच देकर ठगा जा रहा था।
जांच में सामने आया था कि आरोपी फर्जी KYC के जरिए नागरिकों के क्रिप्टो वॉलेट का दुरुपयोग कर रहे थे। इस ठगी में करीब 25 बिटकॉइन और 30 एथेरियम की हेराफेरी की गई थी, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 6 करोड़ 70 लाख रुपये बताई गई। मामले में थाना साइबर सेल, इंदौर में अपराध क्रमांक 116/21 दर्ज किया गया था। आरोपियों के खिलाफ आईटी एक्ट और भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
जांच के दौरान उप निरीक्षक संजय चौधरी ने तकनीकी विश्लेषण, डिजिटल फुटप्रिंट ट्रैकिंग, ट्रांजेक्शन लॉग और एक्सचेंज सर्वर के SSH लॉगिन डेटा का गहन अध्ययन कर महत्वपूर्ण सुराग जुटाए। उनकी तकनीकी सूझबूझ और पेशेवर दक्षता के आधार पर संदिग्ध क्रिप्टो वॉलेट्स में मौजूद WRX, BTC, ETH, USDT और DOGE जैसी क्रिप्टोकरेंसी को फ्रीज कराया गया।
इसी दौरान डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई गई और उत्तरप्रदेश से आरोपी को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार इस कार्रवाई ने साइबर अपराध की जांच में तकनीकी विशेषज्ञता का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया।
मध्यप्रदेश शासन ने साइबर अपराध नियंत्रण में उनके विशेष योगदान, तकनीकी दक्षता और उत्कृष्ट विवेचना को देखते हुए उन्हें के.एफ. रुस्तमजी पुरस्कार के लिए चयनित किया है। शासन द्वारा जारी प्रेस नोट में कहा गया है कि उप निरीक्षक संजय चौधरी ने अत्यंत जटिल साइबर अपराध मामले में सराहनीय कार्य कर विभाग का गौरव बढ़ाया है।
उल्लेखनीय है कि संजय चौधरी वर्तमान में हॉक फोर्स बालाघाट के कैंप बेहर में पदस्थ हैं और नक्सल विरोधी अभियानों में भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। वे लगातार सर्चिंग और ऑपरेशनल गतिविधियों में भाग लेकर सुरक्षा अभियानों को मजबूती प्रदान कर रहे हैं।

Post a Comment