Top News

सीबीआई ने कथित नीट पेपर लीक मामले में शुभम खैरनार को हिरासत में लियाCBI detains Shubham Khairnar in alleged NEET paper leak case

 


दिल्ली : केंद्रीय अनवेष्‍ण ब्यूरो – सीबीआई ने कथित नीट पेपर लीक मामले में शुभम खैरनार को हिरासत में ले लिया है। राजस्थान पुलिस के अनुरोध पर नासिक पुलिस की क्राइम ब्रांच यूनिट ने कल महाराष्ट्र के नासिक से शुभम को हिरासत में लिया था।

इस महीने की तीन तारीख को आयोजित नीट (यूजी) 2026 परीक्षा, पेपर लीक के आरोपों के बीच कल रद्द कर दी गई। सरकार ने सीबीआई को अनियमितताओं की व्यापक जांच के निर्देश दिये हैं।

नीट-यूजी 2026 के एक उम्मीदवार के अभिभावक ने लातूर एसपी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई है, और आरोप लगाया गया है कि एक निजी कोचिंग संस्थान ने परीक्षा से पहले एक मॉक टेस्ट आयोजित किया था, जिसमें कथित तौर पर 42 प्रश्न नीट परीक्षा में पूछे गए प्रश्नों से मेल खाते थे। एसपी अमोल तांबे ने उप-मंडल पुलिस अधिकारी को तत्काल जांच करने और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई का निर्देश दिया है। लातूर पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से नीट पेपर लीक मामले से संबंधित किसी भी जानकारी या सबूत के साथ आगे आने की अपील की है।

इससे पहले, राजस्थान पुलिस के एसओजी ने संदिग्ध नेटवर्क और धन के लेन-देन की जांच के दौरान 15 लोगों को हिरासत में लिया था। एसओजी ने कल जयपुर से कथित मास्टरमाइंड मनीष को गिरफ्तार किया। इसी महीने की 7 तारीख को सीकर के करियर काउंसलर राकेश कुमार समेत पांच लोगों को देहरादून से गिरफ्तार किया गया था और अगले दिन चार नीट उम्मीदवारों को गिरफ्तार किया गया।

केंद्रीय अनवेष्‍ण ब्यूरो की टीम ने जयपुर में राजस्थान पुलिस के एसओजी  द्वारा नीट पेपर लीक मामले में हिरासत में लिए गए लगभग दो दर्जन लोगों से पूछताछ की। एसओजी ने सीकर और आसपास के इलाकों में भी सैकड़ों लोगों से पूछताछ की है। एसओजी अधिकारियों के अनुसार, कई लोगों ने कथित तौर पर पैसे लेकर गैस पेपर बेचे जिनमें से कई प्रश्न नीट परीक्षा में पूछे गये थे।

राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने आज नीट परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर राज्य भर के सभी जिला मुख्यालयों पर विरोध प्रदर्शन की घोषणा की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post