मुंबई/दुबई से सनसनीखेज खबर सामने आई है। देश के चर्चित महादेव सट्टा एप घोटाले में बड़ा एक्शन लेते हुए मास्टरमाइंड सौरभ चंद्राकर को दुबई में गिरफ्तार कर लिया गया है। इंटरपोल और दुबई पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में यह बड़ी सफलता हाथ लगी है, जिसे अब भारत लाने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।
बताया जा रहा है कि सौरभ चंद्राकर लंबे समय से फरार चल रहा था और विदेश में बैठकर पूरे सट्टा नेटवर्क को ऑपरेट कर रहा था। जांच एजेंसियों के मुताबिक इस सिंडिकेट के जरिए देशभर में हजारों करोड़ रुपये का अवैध लेन-देन किया गया।
करोड़ों की काली कमाई, सोने-नकदी का जखीरा
सूत्रों के अनुसार कार्रवाई के दौरान करीब 250 करोड़ रुपये नकद और भारी मात्रा में सोना जब्त किया गया है। यह पूरा नेटवर्क हवाला, फर्जी कंपनियों और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए चलाया जा रहा था।
करीबी भी घेरे में
इस मामले में सौरभ चंद्राकर के करीबी रवि उप्पल समेत कई लोगों के नाम पहले ही सामने आ चुके हैं। जांच एजेंसियां अब पूरे गिरोह की कड़ियां जोड़ने में जुटी हैं और देश के कई बड़े शहरों में छापेमारी जारी है।
राजनीतिक कनेक्शन की भी जांच
महादेव एप केस में कई बड़े नेताओं और रसूखदार लोगों के नाम भी सामने आए हैं। प्रवर्तन निदेशालय पहले ही इस मामले में कई खुलासे कर चुका है और अब गिरफ्तारी के बाद जांच और तेज होने की संभावना है।
कैसे चलता था खेल?
महादेव एप के जरिए ऑनलाइन सट्टा खिलाया जाता था, जिसमें क्रिकेट, चुनाव और अन्य इवेंट्स पर दांव लगाया जाता था। यूजर्स को आकर्षित करने के लिए बड़े इनाम और बोनस का लालच दिया जाता था, जबकि पीछे से पूरा नेटवर्क काले धन के खेल में लगा था।
इस बड़ी गिरफ्तारी के बाद अब उम्मीद की जा रही है कि महादेव सट्टा नेटवर्क के कई और राज खुलेंगे और इस पूरे घोटाले का असली चेहरा सामने आएगा।

Post a Comment