Top News

सोमनाथ मंदिर की 75वीं वर्षगांठ पर आसमान में गरजेगा ‘सूर्य किरण’, ऐतिहासिक एयर शो में दिखेगा वायुसेना का दमOn the 75th anniversary of the Somnath Temple, the 'Surya Kiran' will thunder in the sky, the might of the Air Force will be seen in the historic air show.




गुजरात के प्रसिद्ध की 75वीं वर्षगांठ पर सोमवार को भारतीय वायुसेना इतिहास रचने जा रही है। पहली बार मंदिर परिसर के ऊपर ‘सूर्य किरण एरोबेटिक टीम’ (SKAT) का भव्य एयर शो आयोजित होगा, जिसमें छह हॉक एमके-132 जेट आसमान में रोमांचक करतब दिखाएंगे।


प्रधानमंत्री की मौजूदगी में होने वाले इस कार्यक्रम को लेकर पूरे गुजरात में उत्साह का माहौल है। वायुसेना अधिकारियों के मुताबिक एयर शो सुबह 11 बजे शुरू होगा और इसमें जेट 800 से 900 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उड़ान भरेंगे।


विंग कमांडर जनमीत शर्मा ने बताया कि छह हॉक एमके-132 विमान क्लोज-फॉर्मेशन में उड़ान भरते हुए हवा में बेहद कठिन एरोबेटिक मूव्स करेंगे। खास बात यह है कि कई करतबों के दौरान विमानों के बीच दूरी पांच मीटर से भी कम रहेगी।


टीम की कमेंटेटर फ्लाइट लेफ्टिनेंट कंवल संधू ने कहा कि सोमनाथ मंदिर के ऊपर यह अपनी तरह का पहला प्रदर्शन होगा। एयर शो का नेतृत्व ग्रुप कैप्टन अजय दशरथी करेंगे, जो सुखोई-30 एमकेआई के अनुभवी पायलट हैं। वहीं विंग कमांडर तेजेश्वर सिंह टीम के डिप्टी लीडर की भूमिका में रहेंगे।


भारतीय वायुसेना की यह टीम ‘सदैव सर्वोत्तम’ के आदर्श वाक्य के साथ काम करती है। टीम में कुल 13 प्रशिक्षित पायलट शामिल हैं, जिन्हें युद्ध और आपातकालीन परिस्थितियों में ऑपरेशन संभालने का अनुभव है।


कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा के बेहद कड़े इंतजाम किए गए हैं। स्क्वाड्रन लीडर अमन गोयल जमीन से लगातार पायलटों के संपर्क में रहेंगे और हवा की दिशा, विमानों की दूरी तथा सुरक्षा संबंधी जानकारी देते रहेंगे। पक्षियों की आवाजाही रोकने के लिए ‘बर्ड हैजर्ड कंट्रोल यूनिट’ को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है।


यह आयोजन ‘सोमनाथ अमृतपर्व-2026’ समारोह का हिस्सा है। भारतीय वायुसेना की सूर्य किरण टीम को देश का ‘एयर एम्बेसडर’ माना जाता है। 1996 में स्थापित यह टीम अब तक भारत समेत कई देशों में 800 से ज्यादा एयर शो कर चुकी है। चीन, श्रीलंका, थाईलैंड, सिंगापुर और यूएई में भी टीम अपनी हवाई ताकत का प्रदर्शन कर चुकी है।


सोमनाथ के आसमान में होने वाला यह एयर शो केवल रोमांच नहीं, बल्कि भारत की सैन्य क्षमता, अनुशासन और तकनीकी ताकत का भी बड़ा प्रदर्शन माना जा रहा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post