सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है जो कानपुर किडनी कांड के आरोपी दोनों डॉक्टर का बताया जा रहा है। इस वीडियो में दोनों एक बेड पर लेटे हुए दिखाई दे रहे हैं। इस बेड पर नोटों की गड्डियां बिछी हुई हैं और दोनों डॉक्टर इन गड्डियों पर लेटे हुए हैं। इस वीडियो के वायरल होने के बाद मेरठ पुलिस जांच में जुट गई है।
कानपुर के किसी होटल का हो सकता है वीडियो
फिलहाल पुलिस यह मान रही है कि वायरल वीडियो कानपुर के किसी होटल का हो सकता है। यह भी कयास लगाए जा रहे हैं कि वीडियो पुराना भी हो सकता है। तर्क दिया जा रहा है कि यह वीडियो उस समय का हो सकता है जब आरोपियों ने कोई किडनी ट्रांसप्लांट की हो, उस समय इनके पास पैसे आए हों। उसी दौरान इन्होंने यह रील बनाई होगी। किडनी ट्रांसप्लांट में जो पैसा इन्हे मिला होगा उसी पैसे के साथ इन्होंने यह वीडियो बनाई होगी। इन्ही कयासों के साथ पुलिस ने फिलहाल इस वीडियो को अपनी जांच में शामिल कर लिया है।
एक डॉक्टर गिरफ्तार दूसरा फरार
कानपुर के चर्चित किडनी कांड में दो चिकित्सकों के नाम सामने आए थे। इनमें से एक चिकित्सक डॉक्टर परवेज को तो पुलिस गिरफ्तार कर चुकी लेकिन दूसरा आरोपी डॉक्टर अफजल पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। अभी तक पुलिस डॉक्टर अफजल का पता नहीं लगा पाई है कि वह कहां पर छिपा हुआ है। डॉक्टर परवेज की गिरफ्तारी के बाद अब दोनों डॉक्टर की एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुई है। माना जा रहा है कि यह दोनों की पुरानी वीडियो है। वीडियो में डॉक्टर परवेज एक गड्डी उठाता है और अपने चेहरे पर नोटों से हवा करता है। कमरे के हाल-भाव और कपड़े देखकर यह अनुमान लगाया गया है कि यह वीडियो गर्मी के दिनों का है। फिलहाल इस मामले में पुलिस ने पड़ताल तेज कर दी है। उधर मेरठ पुलिस के साथ-साथ कानपुर पुलिस भी वीडियो की जांच कर रही है।

Post a Comment