पश्चिम बंगाल में चुनाव से पहले हिंसा की एक और घटना सामने आई है। गोसाबा क्षेत्र में रविवार देर रात तृणमूल कांग्रेस (TMC) के एक कार्यकर्ता पर गोली चलाकर जानलेवा हमला किया गया, जिससे इलाके में तनाव बढ़ गया है।
घायल कार्यकर्ता की पहचान दिव्येंदु गायेन के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक वे पार्टी का काम खत्म कर बाइक से घर लौट रहे थे, तभी पहले से घात लगाए हमलावरों ने उन पर फायरिंग कर दी। गोली उनके दाहिने जांघ में लगी और वे सड़क पर गिर पड़े।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने उन्हें पहले नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद हालत गंभीर होने पर कोलकाता के चित्तरंजन नेशनल मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर किया गया। फिलहाल उनका इलाज जारी है।
हमले के बाद टीएमसी नेताओं ने सीधे भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर आरोप लगाया है। उनका कहना है कि यह हमला राजनीतिक साजिश के तहत किया गया है। हालांकि बीजेपी की ओर से इस मामले में अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और हमलावरों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। बताया जा रहा है कि दिव्येंदु गायेन 22 अप्रैल को होने वाली एक राजनीतिक सभा की तैयारियों में जुटे थे और उसी सिलसिले में बैठक से लौटते वक्त उन पर हमला हुआ।
चुनाव से ठीक पहले इस तरह की घटनाएं राज्य में राजनीतिक माहौल को और ज्यादा तनावपूर्ण बना रही हैं।

Post a Comment