उज्जैन : शेलेन्द्र सिंह कुशवाहा
मध्य प्रदेश के उज्जैन में शनिवार देर रात एक नाबालिग छात्र को गोली लगने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। घायल छात्र अतीक माहुरकर को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे खतरे से बाहर बताया है।
घटना रात करीब 12 बजे ज्ञानेश्वरी ब्रिज के पास हुई। अतीक के मुताबिक, वह ढांचा भवन स्थित अपने घर जा रहा था, तभी स्कूटी सवार दो युवकों ने उस पर कट्टा तानकर फायर करने की कोशिश की। अतीक ने हिम्मत दिखाते हुए हमलावर का हाथ पकड़ लिया, इसी दौरान हुई झूमाझटकी में गोली चल गई, जो उसकी जांघ को छूते हुए निकल गई।
घायल ने एक आरोपी की पहचान आला बॉथम के रूप में की है, जबकि दूसरे युवक की पहचान अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। दोनों हमलावर मोहन नगर क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार मामला संदिग्ध नजर आ रहा है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि अतीक के शहर के कुछ आपराधिक तत्वों से संबंध हो सकते हैं। थाना प्रभारी कनोड़िया के मुताबिक, अतीक का नाम कुख्यात बदमाश रौनक गुर्जर के साथ जुड़ा हुआ है और उसका जीतू बुंदेला गैंग से पुराना विवाद चल रहा है। इसी गैंगवार एंगल को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
जिला अस्पताल के डॉ. अजय ने बताया कि गोली केवल छूकर निकली है और छात्र की हालत फिलहाल सामान्य है।
👉 पुलिस अब हमलावरों की तलाश में जुटी है और पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है।

Post a Comment