इंदौर में पड़ रही भीषण गर्मी ने जनजीवन को प्रभावित करना शुरू कर दिया है। सबसे ज्यादा असर छोटे बच्चों पर पड़ रहा है, जिसे देखते हुए प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। कलेक्टर शिवम शर्मा ने आदेश जारी करते हुए नर्सरी से 8वीं तक की कक्षाओं का समय बदल दिया है। अब स्कूल सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक संचालित होंगे, ताकि बच्चों को तेज धूप से बचाया जा सके। हालांकि परीक्षाएं अपने निर्धारित समय पर ही होंगी, उनमें किसी तरह का बदलाव नहीं किया गया है।
तेज गर्मी को देखते हुए आंगनबाड़ी केंद्रों के समय में भी बदलाव किया गया है। जिले की सभी आंगनबाड़ियां अब सुबह 8:30 बजे से 11:30 बजे तक ही संचालित होंगी। यह फैसला छोटे बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए लिया गया है, क्योंकि लगातार बढ़ती गर्मी उनके लिए जोखिम बन रही है।
बुधवार को दोपहर में निकली तेज धूप ने शहरवासियों को झुलसा दिया, जबकि शाम के समय भी गर्मी और उमस से राहत नहीं मिली। मौसम विभाग के मुताबिक गुरुवार को दिन और रात दोनों के तापमान में और बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है, जिससे आने वाले दिनों में गर्मी और ज्यादा परेशान कर सकती है।
इंदौर में गर्मी का असर अब साफ तौर पर दिखाई देने लगा है और प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है। विशेषज्ञों की सलाह है कि लोग खासकर बच्चों को धूप में बाहर निकलने से बचाएं, पर्याप्त पानी पिएं और हल्के कपड़े पहनें, ताकि गर्मी के असर से बचा जा सके।

Post a Comment