उज्जैन शैलेंद्र सिंह कुशवाह
उज्जैन में उधार के पैसे को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक सुरक्षा गार्ड की हत्या कर दी गई। घटना रविवार दोपहर भैरवगढ़ क्षेत्र के सिद्धवट मंदिर के पास हुई।
मृतक की पहचान राम कुमावत (40) निवासी अनंत नगर के रूप में हुई है, जो एक वाहन शोरूम में सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत था। पुलिस के अनुसार, उस पर लोहे की रॉड से हमला किया गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक के भाई बंटी कुमावत ने आरोप लगाया है कि रामेश्वर मालवीय, उसकी पत्नी प्रेमलता उर्फ भूरी और उनके पुत्र दुर्गेश ने मिलकर वारदात को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि रामेश्वर ने राम से करीब 50 हजार रुपये उधार लिए थे और रविवार को पैसे लौटाने के बहाने उसे बुलाया गया था।
परिजनों के मुताबिक, आरोपी महिला ने फोन कर विवाद की जानकारी दी थी। जब परिवार मौके पर पहुंचा तो राम खून से लथपथ मृत पड़ा था और आरोपी फरार हो चुके थे। घटनास्थल से मृतक की बाइक भी बरामद हुई है।
पुलिस ने मामले में हत्या का केस दर्ज कर लिया है। एक आरोपी महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि उसके पति और बेटे की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही पूरे विवाद की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी, हालांकि शुरुआती जांच में मामला पैसों के लेनदेन से जुड़ा माना जा रहा है।

Post a Comment