एक से 30 मई तक होंगे भाजपा के जिला प्रशिक्षण वर्गभारतीय जनता पार्टी के 'पं. दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान-2026' के तहत जिला प्रशिक्षण वर्गों की रूपरेखा तय करने के लिए मंगलवार को पार्टी के प्रदेश कार्यालय में बैठक आयोजित की गई। बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि मई महीने में ओरछा में प्रदेश कार्यसमिति की बैठक आयोजित की जाएगी। इसलिए पार्टी में माना जा रहा है कि प्रदेश कार्यसमिति सदस्यों की सूची आज-कल में जारी हो सकती है।
बैठक में बताया गया कि भारतीय जनता पार्टी के जिला स्तर के प्रशिक्षण वर्ग 1 से 30 मई के बीच प्रदेशभर में आयोजित किए जाएंगे। इन प्रशिक्षण वर्गों में कार्यकर्ताओं को 11 अलग-अलग विषयों पर प्रशिक्षित किया जाएगा।
जिला प्रशिक्षण वर्गों से पहले प्रदेश कार्यालय में बैठक आयोजित की गई। प्रशिक्षण बैठक में दीप प्रज्ज्वलन करते पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक में राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, संभागीय प्रभारी विजय दुबे सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। प्रदेश महामंत्री सुमेर सिंह सोलंकी ने पीपीटी के माध्यम से वर्ग की जानकारी दी। मंच का संचालन संभाग प्रभारी अभय प्रताप सिंह यादव ने किया।
इस बैठक में आगामी कार्यक्रमों, संगठन के विस्तार, मंडल स्तर पर हुए प्रशिक्षणों की समीक्षा और 'नारी शक्ति वंदन' को लेकर पार्टी के आगामी कार्यक्रमों पर भी चर्चा की गई। बैठक में पार्टी के प्रदेश पदाधिकारी, संभाग प्रभारी, प्रदेश प्रशिक्षण टोली, जिला प्रभारी, जिला अध्यक्ष, संभागीय प्रशिक्षण टोली, सभी मोर्चों के प्रदेश अध्यक्ष, जिला प्रशिक्षण वर्ग प्रभारी और प्रशिक्षण महाअभियान के जिला संयोजक उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण श्रद्धा का विषय, इसे बोझ न समझें : शिवप्रकाश
प्रशिक्षण बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश ने कहा कि प्रशिक्षण कार्यकर्ता को गढ़कर संगठन को मजबूत बनाने का सशक्त माध्यम है। पराजय के दौर में भी विचारधारा, सिद्धांत और नेतृत्व पर हमारा भरोसा कायम रहा। प्रशिक्षण में प्राण डालने की आवश्यकता होती है। यह हमारी श्रद्धा का विषय है, इसे बोझ नहीं समझना चाहिए।
पार्टी की कार्यपद्धति समझाना प्रशिक्षण का उद्देश्य : खंडेलवाल
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि प्रशिक्षण वर्ग का मुख्य उद्देश्य कार्यकर्ताओं को पार्टी की कार्यपद्धति, संगठनात्मक कार्य और नीतियों से पूरी तरह अवगत कराना है। प्रशिक्षण इसका एक सशक्त माध्यम है।उन्होंने बताया कि पार्टी ने मप्र में 1313 मंडलों में प्रशिक्षण वर्ग आयोजित किए हैं। सभी मंडलों में शत-प्रतिशत वर्ग हुए, जिनमें एक दिन का रात्रि वर्ग और दो दिन का विस्तृत प्रशिक्षण सत्र शामिल था।
पहली प्रदेश कार्यसमिति की बैठक ओरछा में
प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने बताया कि भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक अगले महीने ओरछा में आयोजित की जाएगी। इसमें प्रदेश कार्यसमिति से जुड़े समस्त पदाधिकारी शामिल होंगे।
स्वदेशी व सादगी से परिपूर्ण हो प्रशिक्षण वर्ग : जामवाल
भाजपा के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने कहा कि संगठन के मामले में मध्यप्रदेश एक आदर्श संगठन है। मंडल में शत-प्रतिशत वर्ग के लिए प्रदेश अध्यक्ष को बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि तय समय पर मंडल प्रशिक्षण वर्ग का संपन्न होना हमारे अनुशासन और संगठन के प्रति निष्ठा व लगन को रेखांकित करता है।उन्होंने कहा कि जिला प्रशिक्षण वर्ग स्वदेशी और सादगी से परिपूर्ण होना चाहिए। हर प्रशिक्षण वर्ग में कुछ नया सीखने को मिलता है। प्रशिक्षण वर्ग में मिलने वाले अनुभवों से कार्यकर्ता संगठन को आगे ले जाने के लिए कार्य करें।

Post a Comment