‘
उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के बारादरी थाना क्षेत्र से जमीन कब्जाने का एक गंभीर मामला सामने आया है। यहां एक व्यक्ति ने आरोप लगाया है कि उसकी पैतृक जमीन को फर्जी वसीयत के आधार पर हड़पने की कोशिश की जा रही है। इतना ही नहीं, आरोपियों द्वारा उसे माफिया का डर दिखाकर लगातार धमकाया भी जा रहा है।
ताऊ की जमीन पर फर्जी वसीयत का आरोप
बुखारपुरा निवासी बच्चू ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके ताऊ के नाम करीब 1100 वर्गगज जमीन थी। ताऊ की वर्ष 1995 में मृत्यु हो गई थी। आरोप है कि चक महमूद निवासी हनीफ ने उनके ताऊ के नाम से फर्जी वसीयत तैयार कर ली और दस्तावेजों में हेरफेर कर जमीन अपने कब्जे में लेने की साजिश रची।
रजिस्ट्री कराकर तीसरे व्यक्ति के नाम की जमीन
पीड़ित के मुताबिक, हनीफ ने फर्जी दस्तावेजों के आधार पर जमीन की रजिस्ट्री आसिफ नामक व्यक्ति के नाम कर दी। इसके बाद जब भी बच्चू अपनी जमीन पर जाते हैं, तो आरोपी पक्ष के लोग उन्हें रोकते हैं और गंभीर अंजाम भुगतने की धमकी देते हैं।
जान से मारने की धमकी और मारपीट का आरोप
पीड़ित ने बताया कि इस्माइल गद्दी, आसिफ गद्दी, इजरायल और हनीफ मिलकर उन्हें जमीन में जिंदा दफन करने की धमकी देते हैं। 26 जनवरी की शाम जब वह अपनी पत्नी के साथ जमीन देखने पहुंचे, तो आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की और अभद्र व्यवहार किया।
माफिया के नाम पर रंगदारी मांगने का आरोप
मामले की गंभीरता तब और बढ़ गई जब आरोपियों ने खुद को माफिया अतीक अहमद (Atiq Ahmed), अशरफ (Ashraf) और उनके रिश्तेदारों से जुड़ा बताते हुए पीड़ित से 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगी। पीड़ित का कहना है कि इस तरह की धमकियों से वह और उसका परिवार दहशत में है।
पुलिस ने दर्ज की रिपोर्ट, जांच शुरू
पीड़ित की शिकायत पर बारादरी थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है। इंस्पेक्टर विजेंद्र सिंह के अनुसार, मामले की जांच शुरू कर दी गई है और सभी आरोपों की गंभीरता से पड़ताल की जा रही है। पुलिस का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment