सुलतानपुर। यूपी के अस्पतालों के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में आरोपित दिल्ली के पूर्व कानून मंत्री व आप नेता सोमनाथ भारती के खिलाफ सोमवार को आरोप तय नहीं हो पाया।
अपने चैंबर से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये जुड़े पूर्व मंत्री को एमपी-एमएलए की विशेष कोर्ट के मजिस्ट्रेट शुभम वर्मा ने दिल्ली की अदालत से जुड़ने का आदेश दिया है। मामले में अगली सुनवाई 16 मई को होगी।
अमेठी के जगदीशपुर थाने के हरपालपुर गांव निवासी शोभनाथ साहू ने 10 जनवरी 2021 को पूर्व मंत्री सोमनाथ भारती के खिलाफ जगदीशपुर थाने में केस दर्ज कराया था।
आरोप लगाया था कि पूर्व मंत्री सोमनाथ भारती ने नौ जनवरी 2021 को जगदीशपुर के रामलीला मैदान में अस्पतालों के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए कहा था कि, यूपी के अस्पतालों में कुत्ते के बच्चे पैदा होते हैं।

Post a Comment